महिला सिपाही द्वारा आत्महत्या से पहले व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया गया था, जिसे साथियों ने देखा था। हालांकि अभी तक उस स्टेटस पर क्या लिखा था। इस बात की तस्दीक थाना पुलिस द्वारा नहीं की जा सकी। मगर साथी सिपाहियों की ओर से मिली जानकारी से पता चला है कि महिला सिपाही ने सिर्फ एक लाइन में लिखा था कि उसकी वजह से किसी को परेशानी नहीं होगी। यह देख साथी चिंतित हुईं। उन्होंने पुलिस को खबर देकर जब घर भेजा तो हेमलता का शव फंदे से लटका मिला था। एसएचओ एसपी सिंह बताते हैं कि सिपाही ने स्टेटस पर कुछ लिखा था। ये उसके मोबाइल की जांच में उजागर होगा।
बेटी का गला दबाया, फिर फंदे पर लटकाया
मेरी बेटी हेमलता ने आत्महत्या नहीं की है। रस्सी से गला घोंटने के बाद उसे फंदे से लटकाकर मारा गया है। पुलिस ने घटना के बाद खींची गई जो फोटो दिखाई है, उससे इस बात की पुष्टि हो रही है। यह कहना है अलीगढ़ में फंदे पर लटकी मिली महिला सिपाही हेमलता के पिता कर्मवीर सिंह का। वह बेटी की माैत से सदमे में हैं।
पुलिस प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का मान रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रविवार तड़के करीब 3 बजे हेमलता का शव गांव लाया गया। इसके बाद सुबह 9 बजे अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने मुखाग्नि दी। कर्मवीर सिंह ने कहा कि बेटी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। वह काफी होनहार थी। जिस बेटी ने कभी हार नहीं मानी, वह अपनी जिंदगी कैसे खत्म कर सकती है। उन्होंने कहा कि सोमवार को अलीगढ़ जाकर बेटी की हत्या के मामले में तहरीर देंगे।