महानगर में करवाचौथ का पर्व रविवार को पूरे उत्साह से मनाया गया। सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर पूरे दिन निर्जला उपवास रखा। शाम को सामूहिक और एकल रूप से भगवान गणगौर और चौथ माता की पूजा की। चंद्रोदय के बाद चंद्रदेव को अर्घ्य देकर पति के चेहरे के दर्शन करने के बाद उपवास खोला।
शाम होते ही सुहागिनें सोलह शृंगार कर घरों की छतों पर पहुंचकर चांद निकलने का इंतजार करने लगीं। चांद निकलते ही वे पूजा की थाली और मिट्टी के करवों में जल लेकर छत पर पहुंच गईं। सुहागिनों ने छलनी में चांद का दीदार कर गंगाजल से चंद्रदेव को अर्घ्य दिया। पूजा की थाली में दीपक जलाकर आरती भी उतारी। चांद निकलने से पहले सुहागिनों ने करवाचौथ की प्रचलित कहानियां सुनीं और सुनाईं। चौथ माता और गणगौर की पूजा-अर्चना कर अपने सुहाग की रक्षा और उनकी सुख-समृद्धि की कामना की। चंद्रदेव को अर्घ्य देेने के बाद अपने पति के हाथ से पानी पीकर निर्जला व्रत को समाप्त किया। सुहागिनों ने अपने पति के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
सुहागिनों ने वस्त्र और आभूषण मंसेःसुहागिनों ने चांद का दीदार करने के बाद अपनी सास और जेठानी को चीनी से बने करवा व वस्त्र भेंट किए। कई घरों में सोने-चांदी के आभूषण भी मंसे गए।
चांद निकलते ही घर पहुंचे पतिः करवा चौथ पर पतियों में भी पत्नियों के लिए समर्पण भाव दिखाई दिया। जो पति घर में दस और 11- 12 बजे पहुंचते थे, वह रविवार को चांद निकलते ही पहुंच गए। प्राइवेट कार्यालयों में काम करने वाले लोग भी जल्दी काम निपटाकर अपने घर पहुंचे, जबकि सरकारी कार्यालयों में रविवार के कारण पहले से ही छुट्टी थी, सो सरकारी कर्मियों ने पूरा दिन घर पर ही बिताया।
पत्नियों को मिले उपहारः करवा चौथ पर जहां पतिव्रता नारियों ने अपना धर्म निभाया। वहीं उनके सुहाग भी उनके दामन में खुशियां भरने से पीछे नहीं रहे। पतियों ने पत्नियों को पूजा-अर्चना के बाद उपहार भेंट किए। गिफ्ट पैक मिलते ही पत्नी का भी चेहरा खिल गया। किसी ने पत्नी की पंसदीदा ज्वैलरी भेंट की तो किसी ने अनमोल तोहफा। पति के अमूल्य उपहार ने करवा चौथ पर्व को खास बना दिया।
इंद्रधनुष अभियान का कमिश्नर ने किया शुभारंभ
सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का औपचारिक उद्घाटन रविवार को कमिश्नर सुभाष चंद शर्मा ने दीनदयाल हास्पिटल के सभागार में नवजात को पल्स पोलियो की दवा पिलाकर किया। इस दौरान कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग को अभियान के तहत प्रत्येक छूटे बच्चे को शामिल करने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल ने वर्ष 2018 के लिए टीकाकरण का लक्ष्य 90 प्रतिशत प्राप्त करने का आश्वासन दिया। जिला प्रतिरक्षक अधिकारी डॉ. पीके शर्मा ने जनपद में की जा रही तैयारियों के विषय में बताया। कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार, डॉ. रूपेश कुमार, डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ, डॉ. अनुपम भास्कर, शरद गुप्ता, डॉ. रहमान, आरिफ आदि मौजूद थे।
जेल में भी रही करवाचौथ की धूम
जेल अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार जेल में भी करवाचौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। यहां 67 महिला कैदियों ने व्रत रखा। शाम को चंद्रमा को अर्घ देकर इन्होंने भी अपना व्रत पूरा किया।
रविवार को भी महिलाओं ने की जमकर खरीदारी
रविवार होने के कारण अधिकतर लोग घर पर ही थे। इस कारण पत्नियों ने अपने पतियों के साथ रविवार को भी जमकर खरीदारी की। कुछ एक महिलाएं जो किसी कारण वश बाजार में खरीदारी नहीं कर सकीं। वह बाजार में खरीदारी करने आईं। वहीं मेहंदी व ब्यूटीपार्लर के लिए महिलाओं की भीड़ भी देखी गई। रंगबिरंगे परिधानों और साज सज्जा में सजी महिलाएं सजीव भारतीयता का चित्रण प्रस्तुत कर रहीं थीं। वहीं बाजार में भी रौनक छाई रही।