कस्बा जलाली से सहेली के भाई द्वारा सहेली की मदद से अगवा की गई किशोरी संग आरोपी व उसके चाचा ने बरेली के एक कमरे में बंधक बनाकर सात माह तक गैंगरेप किया। किसी तरह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को अब आकर बरामद किया तो थाना पुलिस ने कार्रवाई के बजाय समझौता कराने का दबाव बनाया।
रविवार को पीड़ित निवर्तमान मेयर शकुंतला भारती संग एसएसपी से मिले। जहां फफक-फफक कर पूरा वाकया बताया। तब जाकर हरदुआगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
किशोरी की मानें तो इलाके की एक सहेली उसे 26 मार्च को बातों में उलझाकर ले गई थी और फिर उसे उसका भाई अपने साथ अगवा कर ले गया। उसे बरेली ले जाकर रखा गया, जहां बेहोश रखा जाता था। कमरे में वह बंधक रहती थी। जहां आरोपी सोनू उसके साथ दुष्कर्म किया करता था और कभी कभार उसका चाचा आता था, वह भी दुष्कर्म किया करता था।
इधर, परिजनों ने किशोरी की गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी, जिस पर प्रयास करते हुए पुलिस ने पिछले दिनों किशोरी को बरामद कर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। मगर इस मामले में मुकदमा या बयान आदि दर्ज कराने की कार्रवाई के बजाय समझौता कराने की पहल शुरू कर दी।
इससे आहत किशोरी का परिवार रविवार सुबह निवर्तमान मेयर शकुंतला भारती से मिला। भारती इन्हें अपने साथ एसएसपी के पास ले गईं। जिनके सामने किशोरी ने रो रोकर पूरा वाकया बताया। तब जाकर एसएसपी ने मुकदमे के आदेश दिए। देर शाम मामले में हरदुआगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।