प्रेमी युगल के पकड़े जाने के बाद युवती को चांटा मारने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पूर्व महानगर अध्यक्ष संगीता वार्ष्णेय के खिलाफ युवती के पिता ने थाना गांधी पार्क में मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरी ओर संगीता वार्ष्णेय का कहना है कि हिंदू समाज की बेटियों के सम्मान की रक्षा के लिए वे इस तरह के कदम उठाती रहेंगी।
कुछ दिन पहले अलग-अलग समुदाय के प्रेमी युगल को स्थानीय इंटर कालेज से भाजपा नेता संगीता वार्ष्णेय ने पकड़ लिया था। दोनों को थाने लाया गया। यहां पर युवती को समझाने के क्रम में ही एक वक्त ऐसा आया कि संगीता वार्ष्णेय ने युवती के चांटा जड़ दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी किसी ने बना लिया।
बाद में यही वीडियो संचार माध्यमों में वायरल हो गया। घटना के बाद संगीता वार्ष्णेय लगातार युवतियों की इज्जत की रक्षा का हवाला देते हुए अपने द्वारा किए गए व्यवहार को उचित ठहराती रहीं। अब इस प्रकरण में युवती के पिता ने धारा 323, 504 के तहत भाजपा नेत्री पर मुकदमा दर्ज करा दिया है।
इस पर संगीता वार्ष्णेय ने बताया कि जिस वक्त युवक और युवती को थाने ले जाया गया था, वहां पर युवती के पिता उनसे कह रहे थे कि आप सख्ती से समझाएं। लेकिन अब परिवार के सुर बदल रहे हैं। अगर अपने बच्चों के प्रति परवरिश का उनका यही रवैया है तो उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। वह हिंंदू बेटियों की आबरू की रक्षा के लिए अगर फिर से ऐसा करना पड़ा तो करने से नहीं हिचकिचाएंगी।