जीआरपी ने सोमना स्टेशन से दो लोगाें को गिरफ्तार करके ईएमयू पैसेंजर ट्रेन में लूटे कई सेलफोन, कुछ नगदी और दो चाकू बरामद किए। जबकि तीसरा आरोपी फरार चल रहा है। आरोपियों से दो और घटनाओं का भी माल बरामद हुआ है।
इंस्पेक्टर जीआरपी अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि एसएसआई अब्दुल कादीर, एसआई सत्यप्रकाश की टीम ने सोमना स्टेशन से दो युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में दबोचे लोगाें ने अपने नाम केशव (12वीं ) और राहुल शर्मा (सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा फर्स्ट ईयर) निवासी हयातपुर बझेड़ा लोधा बताया। उन्होंने स्वीकारा कि मंगलवार को गांव के महेंद्र ने उन्हें फोन कर सोमना स्टेशन पर बुलाया, जहां शराब पी।
वहीं से ईएमयू पैसेंजर ट्रेन में सवार हो गए और महेंद्र के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। विरोध पर यात्रियाें को भी पीटा। लूट के बाद महेंद्र चलती ट्रेन से कूद गया था, उसके चोट आई थी। जबकि वह कुलुवा स्टेशन पर ट्रेन से उतर कर गांव के लिए भागे। रास्ते में मिले महेंद्र ने पैसाें और सेलफोन का बंटवारा कर दिया।
जिसके बाद तीनों घराें को चले गए। बकौल इंस्पेक्टर जीआरपी दबोचे गए केशव से इस लूट के दो मोबाइल और एक अन्य मोबाइल के साथ-साथ 1150 रुपये और राहुल से चार सेलफोन और 9 सौ रुपये बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि जुलाई में इरशाद निवासी ऊपरकोट का सेलफोन ईएमयू ट्रेन से चोरी हुआ था, वह राहुल के पास मिला है। राहुल की निशानदेही से उसके घर से एक हजार रुपये भी बरामद हुए जो 30 जून को उन्नाव के सदाशिव के चोरी हुए थे। पूछताछ के दौरान राहुल ने बताया कि वह सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा के लिए पैसों की जरूरत थी, परिजन पैसे नहीं दे रहे थे।