2.8 करोड़ की लाइटों से जगमगाएगा पूरा शहर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जल्द ही पूरा शहर दो करोड़ आठ लाख रुपये की एलईडी लाइटों से जगमग होगा। यह लाइटें नौरंगाबाद रेलवे ओवर ब्रिज के साथ साथ शहर के सभी प्रमुख डिवाइडरों पर लगेंगी। शासन ने शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के मकसद से यह धनराशि स्वीकृत की है। इस पैसे से शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ गली मोहल्ले और कॉलोनियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
शासन द्वारा 14 वें वित्त आयोग के अंतर्गत अलीगढ़ शहर के विकास के लिये आवंटित धनराशि में से कराये जाने वाले कार्यों के क्रम में मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने शहर में सफाई और निर्माण कार्यों के साथ-साथ शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिये 2 करोड़ आठ लाख 74 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि नौरंगाबाद रेलवे ओवर ब्रिज पर दोनों साइड 7 मीटर ऊंचाई के पोल और बैटरी बाक्स लगाकर सौर ऊर्जा से चलने वाले चार पोल लगाए जाएंगे और उन पर एलईडी लाइट लगायी जाएंगी।
इस पुल को सौर ऊर्जा से संचालित करने के लिए प्रदेश सरकार से 42.32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि एक करोड़ 66 लाख 44 हजार रुपये से जीटी रोड पर नगर निगम द्वारा निर्मित कराए गए डिवाइडरों को चमकाया जाएगा। इसमें शहर के जीटी रोड मोहनलाल गौतम चैराहे से पेट्रोल पंप इंडियन आयल तक डिवाइडर, सारसौल पुलिस चैकी से मोहनलाल गौतम चैराहे तक डिवाइडर तथा दुबे का पड़ाव से आगरा रोड स्थित डिवाइडरों पर स्टील पोल पर एलईडी लाइटें लगायी जाएंगी।