जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वाले युवकों में एएमयू के एक छात्र का भी नाम आ रहा है। मीडिया के माध्यम से इसकी भनक लगने के बाद कैंपस में खलबली मच गई है।
चर्चा है कि एएमयू के एक विभाग से पीएचडी कर रहा छात्र कश्मीर का निवासी है। आरोप है कि फरवरी 2016 में जेएनयू में लगे देश विरोधी नारे में वह भी शामिल था। दिल्ली में पुलिस विभाग द्वारा देश विरोधी नारे लगाने के मामले में दर्ज किये गये चार्ज शीट में उसका नाम शामिल होने के चर्चे है। इस संबंध में आरोपी छात्र से फोन पर बातचीत करने की कोशिश की गई लेकिन नहीं हो सकी। एएमयू छात्र संघ के सचिव हुजैफा आमिर का कहना है कि जानकारी नहीं है, पता करते हैं।
एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान रॉथर कहते हैं कि हमने भी सुना है कि अर्थशास्त्र विभाग के एक शोध छात्र का नाम चार्जशीट में शामिल है। संभवत: वह पीएचडी का पेपर जमा कर चुका है। हम लोग इस संबंध में पूछताछ कर रहे हैं। एएमयू अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. सैयद नोमान अहमद कहीं गए थे।
उन्होंने कहा कि बाद में बात करेंगे। एएमयू पीआरओ आफिस के एमआईसी प्रो. शाफे किदवई का कहना है कि अभी प्रॉक्टर को इस संबंध में सूचना नहीं है। वह जानकारी कर रहे हैं। सुबह तक इस संबंध में कुछ जानकारी हासिल होने की उम्मीद है।