कस्बे में अलीगढ़-पलवल मार्ग स्थित हजियापुर तिराहे के पास शुक्रवार दोपहर को सड़क हादसे में दसवीं के छात्र सौरभ उर्फ लकी की मौत हो गई। वह स्कूल में बोर्ड परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र लेने जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, गांव रंजीतगढ़ी निवासी 14 वर्षीय छात्र सौरभ उर्फ लक्की गांव से अपने एक अन्य साथी के साथ 17 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए बाइक पर प्रवेश पत्र लेने जा रहा था। हजियापुर तिराहे के निकट किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में सौरभ को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए नोएडा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजा है। ग्रामीणों के अनुसार, सौरभ के पिता यतन कुमार गांव के अन्य लोगों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेने गये हैं। लौटते समय बेटे की मृत्यु की सूचना मिलते ही वह खुर्जा से कांवड़ अपने साथी को थमाकर लौट रहे हैं। बेटे की मौत पर मां रानी का बुरा हाल बना हुआ है तथा गांव में मातम पसरा हुआ है। सौरभ दो भाइयों में बड़ा था। थाना प्रभारी शिवप्रसाद सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।