समाजवादी छात्र सभा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, यूथ कांग्रेस समेत अन्य छात्र संगठनों ने निजी स्कूलों पर मनमानी का आरोप लगाया। इसके विरोध में संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। एसीएम दिग्विजय सिंह को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई निजी स्कूल बिना किसी नियामक प्राधिकरण के मनमाने ढंग से फीस बढ़ा रहे हैं। एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू नहीं कर रहे हैं, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा रहा है।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव इमरान पठान ने कहा कि निजी स्कूलों ने शिक्षा को व्यवसाय बना दिया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती ने कहा कि अभिभावकों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजा भैया ने कहा कि अगर तीन दिन में मांगें नहीं मानी गई तो उग्र आंदोलन होगा।
इस अवसर पर फैजल पठान, मोहम्मद साजिद, सुभाष लोधी, शारिक, आबिद मलिक, विनोद सविता, शारिक चौधरी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो