फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन के पहले दिन सख्ती,  सात मुकदमे दर्ज 

Sun, 12 Jul 2020 01:24 AM IST
राजेश सिंह न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
लॉक डाउन के दौरान महावीरगंज बाजार में पसरा सन्नाटा। - फोटो : Rupesh
विज्ञापन
दो दिनी लॉकडाउन का पहला दिन शनिवार को असरदार रहा। बाजार, दफ्तर, कारखाने बंद रहे तो सड़कों पर भी सन्नाटा रहा। सुबह के समय ही दूध, सब्जी और फल की दुकानों पर कुछ भीड़ रही। इसके बाद लगभग कर्फ्यू जैसा नजारा हो गया। शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी थी।
विज्ञापन



क्वार्सी, पनैठी तिराहा, एटा चुंगी, सारसौल, नादापुल, देहलीगेट, खैर रोड, आगरा रोड, मथुरा रोड के साथ सासनीगेट चौराहे पर भी वाहन सवारों को पुलिस टीमों ने वापस भेज दिया। सख्ती कुछ ऐसा रही कि आगरा, मथुरा, हाथरस से आने वालों को भी वहां पर ही रोका गया, जिसकी वजह से वह अपने निजी वाहनों से भी अलीगढ़ तक का सफर तय नहीं कर सके।


प्रशासन सख्त हुआ तो थानावार सेक्टर मजिस्ट्रेट ने साथी पुलिस अधिकारियों के साथ कार्रवाई कराते हुए धड़ाधड़ मुकदमे दर्ज कराए। लॉकडाउन उल्लंघन के दो मुकदमे कोतवाली, एक सासनीगेट, तीन देहलीगेट और एक जवां में दर्ज कराया है। सड़कों पर सोलह वाहन सीज किए गए। 1157 ई-चालान किए गए। मौके पर 139110 रुपये का जुर्माना वसूला गया। लॉकडाउन सोमवार की सुबह पांच बजे तक रहेगा। रविवार को भी प्रशासन इसी तरह से सख्ती बरतने की तैयारी कर रहा है। 
विज्ञापन



शनिवार को पहले दिन सुबह छह से दस बजे तक बाजारों में दूध सब्जी फल की खरीदारी हुई। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाईं। कुछ बाजारों में लोगों ने मास्क को लेकर भी गंभीरता नहीं दिखाई। यहां तक कि सुबह 11 बजे के बाद भी आवाजाही करते रहे। इधर, ग्यारह बजते ही दुकानें बंद करा दी गईं।

पूरा बाजार पहले से ही बंद था। शाम को 4 से 6 बजे तक दूध की दुकानें खुलीं। अस्पताल और मेडिकल स्टोर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक पूर्व की भांति ही चले। बाकी सभी बाजार व दुकानें बंद रहीं। सेक्टरवार मजिस्ट्रेट निरीक्षण करते रहे। सड़कों पर सन्नाटे की एक वजह सेकेंड सटरडे भी रहा। 


केंद्र सरकार और राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद थे। कलक्ट्रेट सहित दूसरे आफिस बंद रहे, केवल कंट्रोल रूम चलते रहे। उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजेशन तीन चीजों के साथ रविवार को अगर कोई अपनी फैक्टरी चलाना चाहता है तो वह काम कर सकता है। प्रशासनिक स्तर पर निर्देश जारी किए गए हैं। जिन कामगारों के पास अपने पहचान पत्र या फैक्टरी से मिला आई कार्ड है, वह काम पर जा सकेंगे, उन्हें रोका नहीं जाएगा।


दुबे पड़ाव पर उतारी काली फिल्म-नीली बत्तियां
सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव ने दुबे पड़ाव चौराहे पर खड़े होकर दोपहर में लॉकडाउन को लेकर वाहनों की चेकिंग कराई। इस दौरान उन्होंने गाड़ियों पर लगी काली फिल्म और नीली बत्तियां उतरवाईं। इस दौरान इन वाहनों के चालान किए गए और कुछ को सीज भी किया।

- दो दिनी लॉकडाउन कोरोना वायरस की संक्रमण चेन तोड़ने के लिए लागू है। रविवार को भी सख्ती रहेगी। अच्छा है कि लोग खुद ही बेवजह न निकलें। सुबह 6 से 11 बजे तक सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करते हुए दूध सब्जी और फल आदि खरीदें। इसके बाद अकारण बाहर न आएं। घर पर रहें। रविवार को भी प्रशासन मुस्तैद रहेगा।
-चंद्रभूषण सिंह, जिलाधिकारी।

-दो दिनी लॉकडाउन कोविड-19 वायरस की संक्रमण चेन तोड़ने के लिए लागू है। रविवार को भी सख्ती रहेगी। अनावश्यक घूमने वालों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

-मुनिराज जी, एसएसपी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें