यूपी बोर्ड परीक्षा में बलिया से पेपर लीक होने की घटना को शासन स्तर से बेहद गंभीरता से लिया गया है। इसी क्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग में डीएम-एसएसपी को सख्ती अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। इशारों इशारों में यहां तक कह दिया गया है कि डीआईओएस कार्यालय पर पूरा नियंत्रण रखें। किसी भी तरह की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई करें।
बुधवार को प्रदेश के 24 जिलों में अंग्रेजी 12वीं का पेपर लीक होने के बाद देर शाम प्रदेश भर के डीएम-एसएसपी व अन्य अधिकारियों संग वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई, जिसमें शासन स्तर से बेहद सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। यहां तक कहा गया है कि अब इस तरह की घटना अगर कहीं भी दोहराई गई तो बेहद सख्त कदम उठाए जाएंगे। परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन व पारदर्शी करानी है। चाहे इसके लिए कोई भी ठोस कदम क्यों न उठाना पड़े।