उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का दूसरा दिन सुर्खियों में रहा। कॉपियों में कुछ परीक्षार्थियों की अजीबोगरीब अपील सामने आईं। एक छात्र ने अपनी कॉपी में लिखा गुरुजी मुझे पास कर दो, मेरी शादी होने वाली है।
मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने शहर के चार प्रमुख केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोपहर 12:30 से 3:30 बजे के बीच हुई इस जांच में उन्होंने परीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मूल्यांकन के दौरान मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग वर्जित है। नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में नवीन ब्लॉक और विभिन्न कक्षों में कार्य का जायजा लिया। रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज में कला विषय की कॉपियों की शुचिता जांची गई। डीएवी इंटर कॉलेज में सामाजिक विज्ञान, गणित और अंग्रेजी जैसे मुख्य विषयों के मूल्यांकन का अवलोकन किया। एसएमबी इंटर कॉलेज (रामघाट रोड) में जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान और संस्कृत सहित कई विषयों की कॉपियों की बारीकी से जांच की गई।
किसी भी मूल्यांकन केंद्र पर कोई बड़ी अनियमितता नहीं मिली है। सभी उप प्रधान परीक्षकों और परीक्षकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के मानकों का पालन करने को कहा गया है। इस निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी और बोर्ड सचिव को भी भेज दी गई है। - डॉ. पूरन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक