वाहन पार्किंग के नाम पर जगह-जगह हो रही अवैध वसूली के विरोध में बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने तहसील पर विरोध प्रदर्शन किया। डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को दिया।
ज्ञापन में कहा कि नगर पालिका नगर में टेंपो, ई-रिक्शा आदि सवारी ढोने वाले वाहनों का पार्किंग ठेका उठाती है। ठेका जिस स्थान का उठाया गया है, वहां से अलग तिराहों पर खड़े होकर लोग वाहन चालकों से वसूली करते हैं। मंडी में आने वाले किसानों के वाहनों से भी वसूली की जाती है। जबरन रसीद काटकर उन्हें थमा देते हैं। किसान या अन्य आदमी इसका विरोध करता है तो अभद्रता की जाती है।
उन्होंने अवैध वसूली रोकने की मांग की। साथ ही कहा कि नगर पालिका ठेका उठाती है तो वाहन चालकों व यात्रियों को ठेका वाले स्थान पर बैठने, पेयजय व शौचालय की सुविधा भी दे। विरोध करने वालों में जिपं सदस्य पुष्पेंद्र लोधी, मनोज राजपूत, अंकुर, अमित प्रधान, साहब सिंह, प्रमोद, लोकेश, अरविंद, देशराज रौदास, महेश वर्मा, केपी आदि मौजूद रहे।