एमएलसी के विरोध में प्रदर्शन करते सिरसा के ग्रामीण
- फोटो : ग्रामीण
सरकार नहीं बनाएगी तो खुद बनवाऊंगा स्टेडियम : गुलवीर
परिजनों ने बताया कि उनकी गुलवीर से सुबह बात हुई। उसने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर स्टेडियम का स्थान बदलने की मांग करेंगे। यदि इसके बाद भी उनके गांव में स्टेडियम नहीं बनता है तो वह स्वयं जमीन खरीदकर वहां स्टेडियम बनवाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने गांव के युवाओं से स्टेडियम बनवाने का वादा किया है और उसे हर हाल में पूरा करेंगे, ताकि युवाओं को अभ्यास के लिए दूसरे स्थान पर न जाना पड़े।
आरोप निराधार, मैं गुलवीर के साथ हूं : ऋषिपाल
एमएलसी चौ.ऋषिपाल सिंह ने बताया कि गुलवीर सिंह से सौहार्दपूर्ण माहौल में बात हुई है। कॉमनवेल्थ गेम्स में दो पदक जीतने पर गुलवीर सिंह को बधाई दी है। जिस पर गुलवीर सिंह ने आभार जताया। यह भी बात हुई कि आपके द्वारा गांव में सड़क, द्वार व बिजली की व्यवस्था की गई है। उसी तरह स्टेडियम की व्यवस्था की जाए। इस पर पालीमुकीमपुर में बनने जा रहे स्टेडियम पर चर्चा हुई। गुलवीर ने कहा कि उनके गांव में स्टेडियम बना दिया जाए। इस पर मैंने कहा कि पालीमुकीमपुर में स्टेडियम बनने का पहले से प्रस्ताव था।
इस पर गुलवीर सिंह ने कहा कि फिर से मुख्यमंत्री से मिला जाएगा। इस पर सहमति दी गई और कहा कि दोनों मिलकर प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री से मिलकर अब उनके गांव में नया स्टेडियम बनाने का नया प्रयास किया जाएगा। साथ में यह भी वायदा है कि अगर शासन या खुद ग्राम पंचायत के स्तर से जमीन सिरसा गांव में दी जाती है तो वहां हम अपनी निधि से 2027 में एक करोड़ रुपये देकर स्टेडियम बनवाएंगे। सभी आरोप गलत हैं। किसी ने गांव के लोगों व परिजनों को बरगलाया है। हम हर कदम पर गुलवीर सिंह के साथ हैं, वो जो कहेंगे, वही किया जाएगा।
परिवार प्रधानी लड़ेगा तो हम साथ देंगे : बोधपाल
एमएलसी करीबी गांव सिरसा के पूर्व प्रधान बोधपाल सिंह ने कहा है कि जिस तरह गुलवीर सिंह के पिता व परिजनों ने प्रधानी लड़ने की बात कही है। अगर इस बार वे प्रधानी लड़ते हैं तो हमारा परिवार प्रधानी से पीछे हट जाएगा और गुलवीर के परिवार को प्रधानी लड़वाएगा।