धार्मिक मंच है, फिर भी चुनाव की बात करनी पड़ रही
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह धार्मिक मंच है, इसलिए वह राजनीतिक बात नहीं करना चाहते थे लेकिन 2027 का चुनाव सामने है। चुनाव के समय जनता की अदालत में सरकार के कार्यों का हिसाब होगा। उन्होंने कहा कि एक वोट की कीमत समझिए। एक वोट से अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होता है, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटता है, गरीबों को आवास मिलता है, बीमारों को इलाज मिलता है और भ्रष्टाचारियों व अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होती है। अब जनता को तय करना है कि वह कैसी सरकार चाहती है। मौर्य ने दावा किया कि 2027 से 2045 तक उत्तर प्रदेश में सपा और देश में कांग्रेस की सरकार नहीं बना सकती है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान माह के उपलक्ष्य में कोल विधायक अनिल पाराशर की ओर से आयोजित श्री हनुमंत चरित्र कथा को आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। यहां हनुमानजी की प्रतिमा एवं गदा भेंट कर उपमुख्यमंत्री का अभिवादन किया गया। इसके पहले उपमुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर लगी चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। कार्यक्रम में सांसद सतीश गौतम, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, चौधरी ऋषिपाल सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, छर्रा विधायक ठाकुर रवेंद्रपाल सिंह, इगलास राजकुमार सहयोगी, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह, ठा. गोपाल सिंह, कार्तिक पाराशर मौजूद थे। संचालन राजनारायण सिंह ने किया।
मीठा-मीठा गप और तीखा-तीखा थू
मौर्य ने ये भी कहा कि भाजपा चुनाव हारती है तो विपक्ष जनाधार में कमी की बात करता है। वहीं, चुनाव में हार मिलने पर ईवीएम, चुनाव आयोग और वोट चोरी जैसे आरोप लगाए जाते हैं। विपक्ष की यह राजनीति मीठा-मीठा गप और तीखा-तीखा थू जैसी है। कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता सत्ता से दूर होने से बेचैन हैं। उन्हें लगता है कि देश की सत्ता पर उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किए जाने की मांग पर मौर्य ने कहा कि वह इस मांग का पहले भी समर्थन करते रहे हैं।
मंच था श्री हनुमंत चरित्र कथा के धार्मिक आयोजन का लेकिन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के शब्दों में 2027 के चुनाव के लिए शंखनाद जैसी ध्वनि सुनाई दी। शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे मौर्य ने काशी-मथुरा, राम मंदिर, अनुच्छेद 370 और अलीगढ़ के नाम परिवर्तन जैसे मुद्दों का जिक्र किया। इनसे संकेत मिला कि भाजपा के लिए आगामी चुनावी के लिए कैसी हवा बनाना चाहती है। मौर्य के भाषण के तेवर और उसमें उठे मुद्दों से यह भी संकेत मिला कि आगामी चुनाव में भाजपा के लिए वैचारिक मुद्दों के साथ सरकार के काम का प्रचार और विपक्ष पर हमला अहम रहेगा।
हरिगढ़ से स्थानीय भावनाओं को छूने का प्रयास
अलीगढ़ के नाम परिवर्तन का जिक्र भी मौर्य के संबोधन में प्रमुखता से आया। हरिगढ़ का संदर्भ स्थानीय पहचान और सांस्कृतिक विमर्श से जुड़ता है। इसे काशी-मथुरा और राम मंदिर जैसे मुद्दों के साथ रखने से भाषण का वैचारिक पक्ष और स्पष्ट दिखाई दिया।वहीं, साइकिल पंचर वाला तंज से सपा पर सीधा निशाना साधा। इस तरह मौर्य ने मंच से भाजपा के वैचारिक मुद्दे, स्थानीय पहचान और विपक्ष पर हमला, तीनों को जोड़ने की कोशिश की।
कल्याण सिंह का जिक्र कर पश्चिमी यूपी का साधा
राम मंदिर के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की भूमिका को याद कर उपमुख्यमंत्री अलीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति को सीधे तौर पर साधते नजर आए। उन्होंने कल्याण सिंह की विरासत को भाजपा के मौजूदा राजनीतिक विमर्श से जोड़ने का भी प्रयास किया।
जमीनी स्थिति का लिया फीडबैक
मौर्य का अलीगढ़ दौरा केवल मंच और भाषण तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने पार्टी नेताओं के आवास पर पहुंचकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया। इसे 2027 के चुनाव के मद्देनजर संगठन की तैयारियों को परखने की कवायद के रूप में देखा जा सकता है।