ब्रेक बाइंडिंग के चलते ट्रेन में समस्या पैदा हुई थी। जिसे ठीक करने के बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया । ट्रेन करीब 10 मिनट तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही ।
पुरानी दिल्ली से सिक्किम जा रही गाड़ी संख्या 15484 महनंदा एक्सप्रेस के एसी कोच में मंगलवार को ब्रेक बाइडिंग के चलते चिंगारी व धुंआ उठने से खलबली मच गई। ट्रेन को अलीगढ़ स्टेशन पर रोककर खामी को दूर किया गया। इस दाैरान करीब 10 मिनट तक ट्रेन प्लेटफार्म पर ही खड़ी रही।
विज्ञापन
ड्यूटी पर तैनात गेटमैन रविंदर कुमार शर्मा ने सुबह 10 बजे कोच से धुआं व चिंगारी उठने की सूचना दी। इस पर तत्काल ओएचई सप्लाई को बंद कर दिया गया। ट्रेन 10 बजकर 02 मिनट पर प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। इसके बाद डिप्टी एसएस राजाबाबू व अनिल कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीएक्सआर ( कोच मेंटेनेंस ) टीम ने जांच की और सुरक्षा के मद्देनजर जांच के बाद 10:05 बजे ओएचई सप्लाई को पुनः चालू करा दिया। ब्रेक बाइंडिंग की समस्या को 10 बजकर 08 मिनट पर ठीक कर दिया। इसके बाद ट्रेन को करीब 10 मिनट की देरी से 10 बजकर 10 मिनट पर गंतव्य को रवाना कर दिया गया।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार महानंदा एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग के चलते एसी कोच ए- वन में हल्का सा धुंआ उठने की समस्या पैदा हुई थी। जिसे ठीक करने के बाद ट्रेन को 10 मिनट बाद ही गंतव्य को रवाना कर दिया गया।
विज्ञापन
ब्रेक बाइंडिंग क्या है
ब्रेक बाइंडिंग ऐसी स्थिति है जब ब्रेक पैडल या लीवर छोड़ने के बाद भी ट्रेन के ब्रेक जाम रहते हैं और पहिए से चिपके रहते हैं। जिससे पहिए अधिक गर्म हो जाते हैं। धुआं निकल सकता है। गाड़ी की गति कम हो जाती है।