कलेक्ट्रेट पर सपा के प्रदर्शन के दौरान उड़ता ड्रोन।
- फोटो : samvad
अलीगढ़-कानपुर जीटी रोड हाईवे पर अकराबाद के पास स्थित जसरथपुर ट्रामा सेंटर में सुविधाएं बढ़ाने और डॉक्टरों की तैनाती कराने की मांग कर सपाइयों ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इसके बाद ज्ञापन सौंपा। पूर्व में सपा के धरना प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे को देखते हुए सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने पैदल मार्च की ड्रोन कैमरे से रिकार्डिंग कराई है।
लाल डिग्गी स्थित बरगद हाउस से ख्वाजा हसन जिब्रान के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में सपाइयों ने कहा कि इस ट्रामा सेंटर का निर्माण वर्ष 2015 में सपा सरकार में किया गया था। वर्ष 2017 में इसका लोकार्पण किया गया, लेकिन नौ वर्ष बाद भी इसमें उपचार के लिए आवश्यक सुविधाएं नहीं हैं। जीवनरक्षक उपकरण, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई, सीसीयू, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, आधुनिक लैब, ब्लड बैंक, जेनरेटर, इन्वर्टर नहीं है।
सर्जन, विशेषज्ञ डॉक्टर, स्टाफ की नियुक्तियां नहीं हुई हैं। जिससे सड़क हादसों के दौरान घायल होने वाले लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने और स्टाफ की तैनाती करने की मांग की गई है। इस दौरान अश्वनी शर्मा, अब्दुल हमीद घोषी, मनोज यादव, आमिर आबिद आदि मौजूद रहे।