लूटपाट व फायरिंग के बाद पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : रुपेश
आगरा रोड इलाके में रविवार शाम सपा नेताओं ने गुंडई की हद पार कर दी। शराब के नशे में धुत सपा नेताओं ने जनरल स्टोर पर जमकर मारपीट, तोड़फोड़ करते हुए तीन-चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी।
इस फायरिंग में दुकान संचालक व उसका भांजा बाल-बाल बच गए। जाते में हमलावरों ने दुकान संचालक को तमंचे की बट मारकर जख्मी कर दिया। खबर पर दौड़ी पुलिस ने मौका मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दुकान संचालक ने लूट का भी आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने देर रात दोबारा से मौके पर पहुंच कर धमकी देने पहुंचे सपा युवजन सभा के नेता दिनेश यादव सहित दो लोग हिरासत में ले लिए। उनके कुछ साथी फरार हो गए। इस कार्रवाई के बाद थाने पर लोगों की भीड़ जमा थी।
सराय हरनारायण निवासी रवेन्द्र कुमार उर्फ बबलू पाराशर आगरा रोड स्टार हाइट बिल्डिंग के पास जनरल स्टोर चलाते हैं, जिस पर उनका साला विकास बैठता है। विकास के अनुसार दुपहर में इलाके के कुछ सपा नेता आए, जिन्होंने रुपये भी दिए और सामान भी लिया। चले गए। इसके बाद शाम को वह लोग नशे में धुत होकर फिर आए और आते ही दुकान में तोड़फोड़ करने लगे।
इस समय रविंद्र का बेटा प्रांजल भी दुकान पर बैठा हुआ था। विरोध करने पर मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी। बाद में गल्ले से चार-पांच हजार की नगदी लूट ले गए। दुकान का सामान बुरी तरह तहस नहस कर लिया। रविंद्र ने इस संबंध में इलाके के कुछ सपा नेता व उनके साथियों को आरोपी बनाया है। एसओ सासनी गेट के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।