महानगर के रामघाट रोड तालसपुर के मैक्स चालक को अगवा कर बदमाशों ने गाड़ी लूट ली और चालक को बेहोश कर बुलंदशहर के पहासू थाना क्षेत्र में फेंक गए। शनिवार रात बेहोश मिले चालक को पहासू पुलिस ने अस्पताल में भरती कराया। इधर, उसके परिजनों ने यहां तलाश शुरू कर दी। रविवार सुबह होश आने पर चालक ने जब अपबीती बताई, जब पहासू पुलिस की सूचना पर परिजन यहां से उसे लेने पहुंचे। इधर, लूटी गई मैक्स देहली गेट के नादा इलाके में लावारिस अवस्था में खड़ी मिल गई। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
मूल रूप से क्वार्सी के गांव तालसपुर निवासी 45 वर्षीय पप्पू पुत्र दुर्गपाल अपनी मैक्स खुद भाड़े पर चलाता था। शनिवार दुपहर उसके पास दो लोग आए और अतरौली के गांव जिरौली से गेहूं लादकर लाने की बात कहते हुए मैक्स 1500 रुपये में भाड़े पर ले गए। अतरौली से मैक्स में छह लोग और सवार हो गए। इसके बाद जिरौली के पास उन्हें शाम को साढ़े सात बज गए। देर होने पर पप्पू ने जब ऐतराज जताया तो उन्होंने गाड़ी एक नाले पर मुड़वा ली। अंदर ले जाकर पप्पू को दबोचकर जमकर पीटा गया और उसकी बनियान उसके मुंह में ठूंस दी। हाथ पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद मैक्स अपने कब्जे में करते हुए बदमाशों ने पप्पू को पीट-पीटकर बेहोश कर दिया। रात में उसे पहासू के गांव कुंवरपुर के पास फेंककर मैक्स लेकर चले गए।
देर रात गश्त पर निकली पहासू पुलिस को पप्पू बेहोश मिला तो उसे पहासू के अस्पताल में भरती कराया गया। जहां उसे सुबह होश आया तो उसने पहासू पुलिस को पूरी जानकारी दी। इधर, रात भर पप्पू के न लौटने और मोबाइल बंद होने पर यहां परिजनों ने तलाश शुरू कर दी थी। क्वार्सी पुलिस को भी सूचना दी थी। उधर, पप्पू के होश आने पर पहासू पुलिस ने क्वार्सी पुलिस को सूचना दी। तब इस सूचना पर क्वार्सी पुलिस व पप्पू के परिजन पहासू गए और दुपहर बाद उसे वहां से लेकर आए।
इधर, पप्पू की मैक्स देहली गेट के नादा पुल इलाके में एक नर्सरी के पास तड़के लावारिस अवस्था में खड़ी मिली, जिसे देहली गेट पुलिस थाने ले आई थी। जब क्वार्सी पुलिस ने सूचना प्रसारित की तो देहली गेट पुलिस ने मैक्स भी क्वार्सी भिजवा दी। एसओ क्वार्सी रवींद्र बहादुर सिंह के अनुसार अब बदमाशाें को तलाश किया जा रहा है।