घटना स्थल पर खड़ी सपा नेता की गाड़ी।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
थाना बन्ना देवी इलाके में ठीक मसूदाबाद बस स्टैंड पर बनी पुलिस चौकी के सामने से ही बदमाशों ने दिन दहाड़े कार का शीशा तोड़कर नगदी लूट ली। कुछ लोगों ने बाइक सवार बदमाशों की यह हरकत देखकर जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे वहां अफरा तफरी मच गई और लोग भागने लगे। इसका फायदा उठाकर लुटेरे भाग गए।
समाजवादी युवजन सभा के महानगर सचिव शादाब जैदी शुक्रवार को किसी काम से मसूदाबाद बस स्टैंड गए थे। उन्होंने अपनी काले रंग की कार बस स्टैंड के बाहर पुलिस चौकी के सामने ही खड़ी कर दी। यह भी बात दिमाग में थी कि पुलिस चौकी के सामने कार सुरक्षित रहेगी। कार के अंदर हजारों रुपये की नगदी थी। कार खड़ी करके शादाब अपने काम से चले गए। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब कार खड़ी थी तो बाइक सवार कुछ लोग आए और अचानक कार का पिछला शीशा तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने समझा कि कार के डोर लॉक हो गए होंगे। इसलिए शीशा तोड़ा जा रहा है। इस बीच बदमाशों ने कैश से भरा बैग उठाया और भागने लगे। इरादे भांप कर कुछ लोगों ने प्रतिरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर पुलिस पहुंची। बाद में शादाब भी पहुंचे और बताया कि कार के कागज सहित बदमाश पांच हजार रुपये लूट ले गए हैं।