नई बस्ती में डेंगू की आहट, जांच को भेजे नमूने
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के मोहल्ला नई बस्ती में अलग अलग परिवार के छह लोगों को कई दिनों से बुखार और बदन दर्द है। इस इलाके में मच्छरों और गंदगी की भयंकर समस्या है। इन लोगों ने निजी डाक्टर को दिखाया तो मरीजों की स्थिति को देखते हुए इनका डेंगू का टेस्ट करवाने के लिए भेजा गया है।
डाक्टर के मुताबिक सभी लक्षण डेंगू की तरह लग रहे हैं। इन मरीजों में नई बस्ती निवासी विमला देवी, फरहान, शाहीन, ज्योति, अलीजा और विकास शामिल हैं। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग अभी डेंगू की रोकथाम के लिए बैठक कर रहा है। इसी क्रम में डेंगू रोधी माह की समीक्षा अपर निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ. मंजू मलिक ने मंडल सभागार में की।
डॉ. मंजू मलिक ने जिला अस्पतालों में डेंगू के मरीजों के लिए वार्ड आरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन पर जाली लगवाने के लिए भी कहा है। संयुक्त निदेशक डॉ. राजेंद्र वार्ष्णेय ने डेंगू से बचाव के लिए प्रचार प्रसार का सुझाव दिया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने डेंगू से बचाव के लिए कूलर, वाल्टी, फ्रिज, घड़ों आदि में इकट्ठा हुए पानी साफ कर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पूरी बांह के कपड़े पहना कर रखें।
टूटे बर्तन, टायर, प्लास्टिक के टूटे बर्तन हटा देने की अपील की। बैठक में मलखान सिंह जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरा सिंह, डॉ. इकरार, डॉ. निर्मल, डॉ. चरन सिंह, डॉ. यास्मीन, जितेंद्र ऋषि, थान सिंह आदि मौजूद थे।