जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी को लेकर राजनीतिक सरगर्मी थम नहीं रही है। हाल ही में वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू गुट की ओर से कथित गोवा का टूर ऑफर खासी चर्चा में रहा है, हालांकि ये टूर बाद में रद्द हो गया। इधर, विरोधी चौ. सुधीर सिंह के खेमे की एक दावत भी सुर्खियों में है। इस दावत में 34 सदस्यों की मौजूदगी ने नीटू खेमे में खलबली मचा दी है। एक बार फिर से जिला पंचायत में शह और मात की बिसात बिछती नजर आ रही है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो दोनों गुटों की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए बहुमत की जोर आजमाइश जारी है। वर्तमान अध्यक्ष पद खेमा अपने समर्थन में सदस्यों को लामबंद करने में जुटा है तो विरोधी सुधीर गुट अपना बहुमत बनाने का हर संभव प्रयास कर रहा है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य चौ. सुधीर सिंह ने बताया कि उनके बेटे सहदेव चौधरी का 16वां जन्मदिन 8 जून को मनाया गया था। इसी मौके पर उन्होंने जिला पंचायत के साथी सदस्यों को दावत में बुलाया था। इसी दावत में लगभग 34 सदस्य शामिल हुए। सभी ने बेटे को बधाई दी। इस दौरान जिला पंचायत के वर्तमान कामकाज और राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर भविष्य में सभी के समर्थन पर कुछ तय होगा। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
इधर चर्चा है कि नीटू गुट की ओर से अब्दुल्ला कालेज के पास से एक टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी से 52 जिला पंचायत सदस्यों के गोवा के हवाई टिकट और होटल आदि बुक कराया गया था। इन सभी को 10 जून को गोवा रवाना होना था। दिल्ली से सुबह 10 बजे गोवा की फ्लाइट थी। 20 जून को इन सभी सदस्यों की वापसी होनी थी।
टिकटें और होटल बुक कराने के बाद अचानक ये बुकिंग रद्द करा दी गई। इसके बाद अब टूर कंपनी इन टिकटों को सस्ती दरों पर अपने नियमित ग्राहकों को ऑफर कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू ने कहा कि ऐसा कोई टूर प्लान नहीं था और अगर गोवा का टूर सब लोग मिल कर बनाते तो जाते जरूर।