परिवहन निगम भी अब अपने यात्रियों को वाईफाई की सुविधा देने जा रहा है। यह सेवा सिर्फ बस स्टैंड पर ही नहीं बल्कि यात्रा करने के दौरान भी यात्रियों मिलेगी। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि अगले माह तक रोडवेज की बसों में वाईफाई कनेक्शन लगा दिए जाएंगे।
अभी तक रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मुफ्त वाईफाई के माध्यम से इंटरनेट की सुविधा मिल रही है। इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए परिवहन निगम न सिर्फ बस स्टैंडों बल्कि बसों में भी यात्रियों को वाईफाई की सुविधा देने जा रहा है।
इसके तहत वाईफाई कनेक्शन लगाने का काम बड़े स्तर पर किया जा रहा है। मसूदाबाद बस स्टैंड पर वाईफाई कनेक्शन लगा दिया गया है। अगले माह बसों में भी वाईफाई लगाने का काम हो जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम ने मुंबई की एक कंपनी को जिम्मेदारी सौंप दी है।
रहेगी पल-पल की जानकारी
अभी तक रोडवेज की बस के बारे में जानकारी करने के लिए अधिकारियों को चालक-परिचालक से फोन पर बात करनी पड़नी पड़ती थी। कई बार चालक-परिचालक बस को खड़ी करके घर चले जाते थे। इसके कारण बस अड्डे पर यात्रियों को बस का अभाव भी झेलना पड़ता है। बस में वाईफाई लगने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस करने में अधिकारियों को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा ज्यादा फायदा
परिवहन निगम की बसों को वाईफाई से लैस करने के पीछे ग्रामीणों को भी मुफ्त इंटरनेट की सेवा देना है। वाईफाई लगी रोडवेज की बसें ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धारित स्थानों पर कुछ देर के लिए खड़ी होती है। इस तरह उस क्षेत्र के आसपास के ग्रामीणों को भी मुफ्त में वाईफाई सेवा मिलेगी और इसका लाभ उठा पाएंगे। बसों में लगी वाईफाई की पूरी फ्रीक्वेंसी पूरी खोली जाएगी ताकि दूर तक के ग्रामीण इसका लाभ उठा सके।
परिवहन निगम का प्रयास है कि यात्रियों को मिलने वाली इंटरनेट सुविधा का कनेक्शन टूटने न पाए। इसके तहत ही बसों को भी वाईफाई से लैस किया जा रहा है। बस स्टैंडों के बाद बसों में वाईफाई लगाने का कार्य शुरू अगस्त तक शुरू हो जाएगा।
-अतुल त्रिपाठी क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज