गांव मोकमपुर में होता निर्माण कार्य। संवाद
- फोटो : samvad
सांकरा क्षेत्र के गांव मोकमपुर में गंगा और हजारा नहर के निकट एडीएम सोलर पावर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से सोलर परियोजना स्थापित की जा रही है। परियोजना को क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कंपनी द्वारा यहां सोलर पैनल, लिथियम बैटरी तथा अन्य ऊर्जा संबंधी उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। इसके शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा परियोजना स्थल पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार परियोजना शुरू होने के बाद प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब तीन हजार लोगों को रोजगार मिलेगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।
- कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर वरुण गौतम ने बताया कि यह परियोजना केवल औद्योगिक निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का बड़ा माध्यम बनेगी। इससे क्षेत्र में खुशहाली आएगी और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
- ग्राम प्रधान श्याम सुंदर का कहना है कि परियोजना क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हो होगी। यदि स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाती है तो हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी।
- स्थानीय निवासी शाहिद खान कहते हैं कि क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर की औद्योगिक परियोजना आ रही है। युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
- स्थानीय निवासी अनिल यादव ने बताया कि सोलर परियोजना स्थापित होने से क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।