भारत सरकार के जीएमआईएस पोर्टल पर स्मार्ट सिटी मिशन की जारी ताजा रैंकिंग में अलीगढ़ स्मार्ट सिटी ने सुधार किया है। अब अलीगढ़ 45वें पायदान पर पहुंच गया है। पहले 54 वीं रैंक पर था। नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ गौरांग राठी ने कहा कि परियोजनाओं में तेजी लाने और निरंतर निगरानी से रैंकिंग में सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के निदेशक कुणाल कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में गत दिनों स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा हुई थी। मंडलायुक्त एवं स्मार्ट सिटी परियोजना के चेयरमैन गौरव दयाल भी मौजूद थे। इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर के सीईओ भी मौजूद थे। मिशन निदेशक ने यहां के कार्यों की सराहना की थी। सीईओ गौरांग राठी ने कहा कि अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लि. का प्रयास देश के टॉप 10 स्मार्ट सिटी में शामिल होने का है। स्मार्ट सिटी लि. युद्ध स्तर पर स्मार्ट परियोजनाओं को जमीनी रूप देने में जुटी हुई है।