जीएसटी से छोटे व्यापारी परेशान : शुक्ला
- फोटो : Rupesh
राज्य सभा सदस्य व आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने कहा कि हनीप्रीत के मामले में हरियाणा सरकार अपनी गलतियों की जिम्मेदारी ले। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए पंजाब सरकार पर आधारहीन आरोप लगाया है, जिसकी सच्चाई से सब वाकिफ हैं।
शनिवार को वह एएमयू के कैनेडी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। उन्होंने हनीप्रीत के मामले में किए गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हनीप्रीत को ढूंढने में हरियाणा सरकार विफल साबित हुई है। पंजाब सरकार पर हनीप्रीत को छिपाने का आरोप बेबुनियाद है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि छह महीने में योगी सरकार से लोगों को निराशा हुई है। कानून व्यवस्था और विकास लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। सरकार को इसमें सुधार करने की जरूरत है। जीएसटी से दुकानदार, छोटे व्यापारी परेशान हो गए हैं। यह मामला गंभीर है।
इस पर कुछ भाजपा नेता भी एतराज जता चुके हैं। कांग्रेस ने 18 फीसदी जो टैक्स रखा था, उससे ऊपर नहीं होना चाहिए। लोगों को रियायत देकर रिटर्न दाखिल करने में समय दिया जाना चाहिए। अलबत्ता, लोग उल्टे मुसीबत में हैं। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए एएमयू के फिजिकल डिपार्टमेंट की प्रशंसा की।
माल्या व अब्दुल्ला दोस्त हैं
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के पर्सनल सेक्रेटरी के चार्टर प्लेन के लिए विजय माल्या को पत्र लिखने के सवाल पर सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि यह आरोप बेबुनियाद है। फारुक अब्दुल्ला के प्लेन किराये के रूप में 24 लाख रुपये माफ करने के लिए भी पत्र लिखा गया था। इस पर राजीव शुक्ला ने कहा कि विजय माल्या-फारूक अब्दुल्ला दोस्त हैं। बोले, यह कोई मुद्दा है।