फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टप्पल में हालात सामान्य, शोक संतप्त घर में हुआ शुद्धि यज्ञ

Thu, 13 Jun 2019 02:55 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
टप्पल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ढाई साल की मासूम की हत्या के बाद टप्पल में पैदा हुए तनावपूर्ण हालात अब लगातार सामान्य हो रहे हैं। बाजार भी पूरी तरह खुल गया है। हालांकि अभी बाजार और कस्बे की रौनक पूरी तरह नहीं लौटी है। वहीं बुधवार को बच्ची की मौत के 12वें दिन शोक संतृप्त परिवार ने घर में शुद्धि यज्ञ किया। 

विज्ञापन


इसमें सांसद, विधायक, राज्य महिला आयोग की सदस्य व पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए। इसे लेकर कस्बे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। काफी संख्या में पुलिस, पीएसी व आरएएफ दिन भर तैनात रही। वहीं वरिष्ठ पुलिस प्रशासनिक अधिकारी थाने से हालात का जायजा लेते रहे। इस दौरान बच्ची के परिवार ने पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि अब उन्हें आरोपियों को फांसी मिलने वाले दिन का इंतजार रहेगा। 

कस्बे से 30 मई को लापता हुई बच्ची का शव दो जून को मिला था। उसके बाद से कस्बे का माहौल तनावपूर्ण हो गया। वहीं सोशल मीडिया पर बच्ची की हत्या देश का मुद्दा बन गया। कस्बे में प्रदर्शन भी हुए। पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए माहौल को बिगड़ने से बचाया था। 
विज्ञापन


बुधवार को शोक संतृप्त घर में शुद्धि यज्ञ का आयोजन हुआ। इसमें भाजपा सांसद सतीश गौतम, विधायक अनूप प्रधान, राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी आदि शामिल हुए। बच्ची के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ ही हवन यज्ञ में बच्ची की आत्मा की शांति के लिए आहुति दी गई। इस दौरान घर पर भीड़ एकत्रित होने और माहौल बिगड़ने के अंदेशे के चलते सीओ खैर, सीओ अतरौली भारी पुलिस बल व पीएसी के साथ घर के बाहर ही मौजूद रहे। 

परिवार के कहने पर पुलिस अधिकारियों ने हवन में भी आहुति दी। राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि जो दोषी हैं उन्हें फांसी हो ताकि दरिंदे आगे ऐसी हरकत न कर सकें। उन्होंने कहा कि लापरवाह पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। 

भाजपा विधायक अनूप प्रधान ने कहा कि वह सांसद के साथ पीड़ित परिवार से संपर्क बनाए हुए हैं और उनकी मांग प्रशासन ने मान ली है। वहीं बच्ची के पिता ने कहा कि अब उसे आरोपियों को फांसी लगने वाले दिन का इंतजार रहेगा। हमें पुलिस प्रशासन की ओर से हर संभव मदद व न्याय का भरोसा मिला है और हमें शासन प्रशासन से पूरी उम्मीद है।

दोषियों को फांसी की सजा दिलाने का जिम्मा सांसद को सौंपा
मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने दोषियों को फांसी दिलाने तक मुकदमे की पैरवी का जिम्मा बुधवार को सांसद सतीश गौतम को सौंपा दिया। इसे सांसद ने सहज स्वीकार कर लिया। पीड़ित परिवार में हुए शुद्धि यज्ञ में पहुंचे सांसद सतीश गौतम को बच्ची के पिता ने पूरे प्रकरण में पैरवी करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा है कि जब तक दोषियों को फांसी नहीं हो जाए, तब तक वह इसकी पैरवी करें। 

सांसद सतीश गौतम ने इसको सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि दोषियों को फांसी दिलाने तक वह पीछे नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार मेरा परिवार है और बच्ची का पिता मेरा छोटा भाई है। वह हर कदम पर परिवार के साथ रहेंगे। 

- कस्बे में पूरी तरह से शांति है और स्थिति सामान्य हो रही है। बाजार भी खुल गए हैं। जब तक स्थिति पूरी तरह से सामान्य नहीं होती, सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी। 
विज्ञापन

-मणीलाल पाटीदार, एसपी देहात

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें