मंगलवार की दोपहर हाईवे पर चूहरपुर के पास एक बाइक साइकिल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसके भाई सहित साइकिल सवार घायल हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टप्पल थाना क्षेत्र के गांव मोर निवासी निशा (28) पत्नी अमित कुमार मंगलवार की सुबह ही अपनी ससुराल से मायके चंडौस थाना क्षेत्र के गांव किन्हुआ आई थीं। यहां से वह अपने भाई कौशल के बीमार ससुर को देखने के लिए कौशल के साथ बाइक से अलीगढ़ गई थीं। अलीगढ़ से लौटते समय हाईवे पर चूहरपुर के पास एक तेज रफ्तार वाहन से बचने की कोशिश में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही साइकिल से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार भाई-बहन सहित साइकिल सवार बुधसेन निवासी मढ़ा हबीबपुर थाना पिसावा घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग पहुुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने निशा को मृत घोषित कर दिया। निशा की मौत की खबर मिलते ही परिजन रोते हुए जिला अस्पताल पहुंच गए। वह अपने पीछे दो बेटियों को रोते छोड़ गई हैं।