जिले में 2,16,621 ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि इन मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस दिए जाएंगे। इसके साथ ही अपील की है कि जो युवा एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम सूची में जरूर जुड़वाएं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पूरी की जा सकती है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बुलाकर मतदाता सूची की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी उपलब्ध करा दी गई है।
इन फॉर्मों का कर सकते हैं उपयोग
- संशोधन या नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म उपलब्ध रहेंगे
- फॉर्म-6- नया नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए
- फॉर्म-6ए- प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए
- फॉर्म-7- मतदाता सूची से नाम कटवाने (विलोपन) के लिए
- फॉर्म-8- नाम, पता, फोटो या अन्य त्रुटि सुधारने या स्थानांतरण के लिए
जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, अलीगढ़ और इगलास के निवासी अपने नजदीकी बूथ, तहसील कार्यालय या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, चुनाव आयोग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई है।
सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950
जिलाधिकारी ने अपील की है कि सभी नागरिक समयसीमा के भीतर अपनी प्रविष्टियों की जांच कर लें ताकि एक शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार हो सके। यदि किसी भी मतदाता को आवेदन के दौरान कोई समस्या आती है, तो वे टोल-फ्री नंबर 1950 पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।