यूक्रेन से बस के माध्यम से रोमानिया जाते भारतीय बच्चे। विज्ञप्ति
- फोटो : संवाद
यूक्रेन में फंसे बच्चों की वतन वापसी के लिए हर स्तर पर कवायद तेज है। इसी कड़ी में प्रदेश के 316 बच्चों का ब्योरा जुटाकर और उनके विषय में यूक्रेन से संपर्क कर उन्हें जल्द भारत पहुंचाने के संकेत हैं। इनमें अपने जिले के नौ बच्चे भी शामिल हैं। प्रदेश सरकार के राहत-आपदा प्रबंधन विभाग ने ये सूची जारी कर दी है। साथ ही हर जिले में जिला पुलिस प्रशासन की मदद से खुफिया तंत्र वहां फंसे बच्चों की सूची बनाकर उनका ब्योरा जुटाने में लगा है।
राहत आयुक्त कार्यालय से अब तक की जानकारी के अनुसार 316 ऐसे बच्चे, जिनका ब्योरा है और 25 ऐसे, जिनका ब्योरा उपलब्ध नहीं है, की सूची जारी की है। इस सूची में नौ बच्चे अलीगढ़ जिले के हैं। इनके विषय में हर जिले को विवरण भेज दिया गया है। जिला पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश हैं कि इन बच्चों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें आश्वस्त करें कि बच्चों को जल्द सकुशल यहां लाया जाएगा।
हालांकि बच्चे अपने परिजनों के सीधे संपर्क में हैं और परिवार दिल्ली दूतावास के भी संपर्क में हैं। इस बीच राहत आयुक्त कार्यालय से जानकारी आने पर परिवारों ने कुछ राहत महसूस की है। वहीं जिला स्तर पर ऐसे बच्चों की जानकारी जुआने का काम भी तेज हो गया है।