बरौला जाफराबाद के पास रेलवे की केबल कट जाने से सिग्नल फेल हो गया। जिसमें अप और डाउन रूट की 45 ट्रेनें लेट हो गईं। इस दौरान आउटर पर पड़ने वाले बरौला जाफराबाद से लेकर स्टेशन पर सिग्नल एवं टेलीकम्यूनिकेशन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भागदौड़ करते रहे। ये सिग्नल ऑटोमैटिक सिस्टम पर काम करता है और केबल कट जाने से अचानक फेल हो गया था। स्टेशन मास्टर एके गौड़ ने बताया कि सिग्नल एवं टेलीकम्यूनिकेशन के कर्मचारियों ने रात एक बजे इसको दुरुस्त कर लिया।
503 अप और 504 डाउन नंबर के ये सिग्नल मंगलवार शाम को एक साथ 5:30 बजे फेल हो गये थे। जिनको कड़ी मशक्कत के बाद रात 1 बजे ठीक किया जा सका। इस दौरान अप रूट की टाटा मूरी, भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस, नंदन कानन एक्सप्रेस, कानपुर आनंद विहार एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस सहित एक दर्जन ट्रेनें लेट हुईं।
वहीं डाउन रूट पर कालिंदी एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, प्रयाग राज एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, लिंक एक्सप्रेस, लिच्छवि एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, कैफियात एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, दूरंतो एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, स्वर्णजयंती एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन से अधिक राजधानी एक्सप्रेस भी लेट हुईं। इनके अलावा एक दर्जन मालगाड़ी ट्रेनें भी अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
पेंड्रोल क्लिप गायब होने पर होगी रिपोर्ट दर्ज
रेलवे ट्रैक से पेंड्रोल क्लिप गायब होने के मामलों में अब एफआईआर दर्ज होगी। जीआरपी के आईजी एलवी एंटनी देवकुमार ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। अब जीआरपी ऐसे मामलों में गश्त में पेंड्रोल क्लिप गायब होने पर उसकी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार ठहराएगी। हाल ही में राज्यरानी एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जीआरपी ने इसका निर्देश जारी कर दिया है। अलीगढ़ में भी करनी है पुलिस को रिपोर्ट दर्ज।
8 किमी की स्पीड से चली ट्रेनें
अलीगढ़। ऑटोमैटिक सिग्नल फेल होने के बाद ड्राइवर गार्ड को सूचना देते हैं। गार्ड की मंजूरी मिलने के बाद ड्राइवर तीन से 8 किमी की स्पीड से लाल सिग्नल को पार करते हुए अगले सिग्नल तक पहुंचते हैं। अगले सिग्नल पर पहुंचने के बाद नियमानुसार ही आगे बढ़ते हैं।
सीएमआई संजय को मिला पुरस्कार
अलीगढ़। अलीगढ़ स्टेशन के वाणिज्य निरीक्षक संजय शुक्ला को वित्तीय वर्ष 2016-17 में उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया है। मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डा. डीके त्रिपाठी ने संजय शुक्ला को ये पुरस्कार दिया है। गौर हो कि इससे पहले भी हाल ही में डीआरएम ने भी उनको उत्कृष्ट सेवाआें के लिए सम्मानित किया था।