ई वे बिल, जीएसटी के आंकड़ों में गड़बड़ी, मासिक रिटर्न में गोलमाल के चलते वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने शुक्रवार को शहर की दो लोहा फैक्ट्रियों में छापा मारा। घंटो की जांच पड़ताल के बाद अधिकारियों ने कहा कि मामला कर चोरी का है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
\
इधर, छापे की खबर से दर्जनों व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में कामकाज ठहर गया। कुछ ही देर में मोबाइल और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई।
वाणिज्य कर विभाग की प्रदेश आयुक्त दामिनी चौहान रत्न के आदेश पर कई जिलों की टीमों ने एक साथ अग्रवाल फैरो एटा चुंगी बाईपास और तालानगरी स्थित एलडीएस में छापा मारा। दोनों फैक्टियों में लोहे की सरिया, इंगट आदि बनाने का काम होता है। दोपहर से रात दस बजे के बाद तक चली कार्रवाई के बाद भी विभागीय अधिकारी स्पष्ट रूप से कुछ बताने से बचते रहे। हां, उन्होंने कहा कि अब भी जांच में कागजों का मिलान जारी है। दस्तावेजी साक्ष्य पूरे होने के बाद ही कर चोरी का सही आंकड़ा दिया जा सकेगा।
अलीगढ़ जोन के वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम के एडिश्नल कमिश्नर एसपी वर्मा ने बताया कि शनिवार तक तस्वीर साफ हो पाएगी। इसके बाद ही कर चोरी का सही आंकड़ा सामने आएगा। अभी जांच पड़ताल जारी है। इस जांच में मुख्यालय के निर्देश पर कई जिलों की एसआईबी टीमों को मिला एक संयुक्त टीम बनाई गई है।