जीटी रोड स्थित रामलीला भवन में मंगलवार रात श्रीराम और लक्ष्मण के जनकपुरी आगमन से लेकर पुष्प वाटिका में राम-सीता के प्रथम दर्शन तक के प्रसंगों के मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इन प्रसंगों को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
श्री रामलीला गोशाला कमेटी के तत्वावधान में सर्वोदय गणेश रामलीला मंडल, मथुरा के कलाकारों ने आचार्य राजीव चतुर्वेदी के निर्देशन और कथा व्यास गौतम चतुर्वेदी के सानिध्य में जनकपुरी आगमन, जनकपुरी अवलोकन और पुष्प वाटिका लीला का मंचन किया। लीला में ऋषि विश्वामित्र के साथ श्रीराम और लक्ष्मण के जनकपुरी पहुंचने का दृश्य सबसे खास रहा।
भजनों और संगीत ने पूरे प्रसंग को और प्रभावी बना दिया। लीला से पहले सुमित कुमार सिंघल ने प्रभु श्रीराम का पूजन किया। दर्शकों ने पूरे प्रसंग के दौरान तालियों और जय श्रीराम के जयघोष से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष विमल अग्रवाल, सचिव अरविंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष टीएन मित्तल एडवोकेट, संयोजक अन्नू बीड़ी, ऋषभ गर्ग, विक्रांत गर्ग, संयम पाराशर, आकाश अग्रवाल, सीए पीयूष अग्रवाल, मीडिया प्रभारी कमल अरोड़ा आदि मौजूद रहे।