जेल रोड मंदिर, नौरंगाबाद, गिर्राज मंदिर, महाप्रभु मंदिर, रामघाट रोड पर पन्नालाल मंदिर पर भव्य सजावट की गई। वैदिक ज्योतिष संस्थान पर स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज के सानिध्य में भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा पूजन किया गया। शहर के राधा-कृष्ण मंदिर मामू भांजा, सिद्धपीठ खेरेश्वर धाम, खैर बाईपास नादा चौराहा, इस्कॉन मंदिर हरदुआगंज, मंदिर श्री बृज द्वारिकाधीश हरदुआगंज, आगरा रोड स्थित नीम करोरी बाबा मंदिर, मसूदाबाद स्थित राधा-माधव मंदिर, श्री गौरी मंदिर, श्री नटराज मंदिर, कामाख्या मंदिर, महेंद्र नगर के काली मंदिर, सूर्य विहार के दुर्गा मंदिर में फूल बंगला, छप्पन भोग, भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। यहां हिंडोले सजाए गए और पालने में लड्डू गोपाल को भक्तों ने झूला झूलाया।
रेलवे के मनोरंजन सदन में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में स्वचालित झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। हरे कृष्ण भक्ति केंद्र की ओर से श्री कृष्ण जन्म महोत्सव का आयोजन हुआ। 41वीं वाहिनी पीएसी, 104 आरएएफ परिसर में जन्मोत्सव उल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने दिन भर उपवास रखा और कान्हा के जन्म के बाद प्रसाद ग्रहण कर उपवास खोला।
कारागार में 1370 हिंदू और मुस्लिम बंदियों ने रखा उपवास
जिला कारागार में रात 12 बजते ही श्रीकृष्ण के जन्म की बधाई गूंज उठी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक बृजेंद्र सिंह यादव, जेलर केपी सिंह समेत स्टाफ ने पूजा-अर्चना की। जिला कारागार में 1370 बंदियों ने व्रत रखा, जिसमें 1215 हिंदू पुरुष, 82 महिला बंदी व 73 मुस्लिम बंदी हैं। व्रतियों के लिए जेल प्रशासन की ओर से फलाहार की व्यवस्था की गई थी।
बारिश भी कम न कर सकी भक्तों का उत्साह
कान्हा के जन्मोत्सव पर हुई बारिश ने गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, बारिश के चलते मंदिरों के आसपास लगे मेलों और तैयारियों पर असर पड़ा। लेकिन कृष्ण जन्म की खुशियां कम नहीं हुईं। भक्तों ने उल्लास के साथ कन्हैया का जन्मोत्सव मनाया।