कोरोना महामारी के चलते देशभर में हुए लॉकडाउन के बीच गुजरात में फंसे उत्तर प्रदेश के करीब 50 जनपदों के 1259 श्रमिकों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन लीगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंची। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई और फिर उन्हें रोडवेज बसों के जरिये उनके घर भेजा जा रहा है।
जिले के आला अधिकारी अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ श्रमिकों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ घर भेजने की तैयारी में जुटे रहे। गुजरात से लौटे श्रमिकों ने खुशी का इजहार करते हुए प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया।
गुजरात के दमोह से रविवार सुबह 7:30 बजे श्रमिक स्पेशल ट्रेन अलीगढ़ पहुंची। इस ट्रेन में अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, आगरा, गोरखपुर, महाराजगंज सहित प्रदेश के 50 जनपदों के 1259 श्रमिक थे।
एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने बताया कि गुजरात में लॉकडाउन के चलते फंसे मजदूरों को प्रदेश सरकार के आह्वान पर गुजरात सरकार ने स्पेशल ट्रेन से भेजा है। इन सभी मजदूरों का ट्रेन के अलीगढ़ जंक्शन पर उतारने के बाद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।