सशस्त्र सेना झंडा दिवस देश की सेना को समर्पित है। इस अवसर पर कमिश्नरी, कलक्ट्रेट, विकास भवन समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में झंडे लगाकर सेना के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। कमिश्नरी में हुए कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ले. कर्नल शैलेंद्र सिंह व कमिश्नर गौरव दयाल तथा कलक्ट्रेट में डीएम सेल्वा कुमारी जे ने झंडा लगाकर देश की सेना के प्रति सम्मान प्रकट किया। इस दौरान शहीद हुए सैनिकों को याद किया गया।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि जांबाज सैैनिकों के प्रति एकजुकता दिखाने के लिए यह खास दिन है। सात दिसंबर 1949 से भारतीय सेना द्वारा हर साल यह मनाया जाता है। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए हमारे सैनिक दिन-रात एक कर अपना कर्तव्य निभाते हैं। उन्होंने जिले के लोगों से अधिक से अधिक धन दान कर धनराशि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय कलक्ट्रेट परिसर में जमा करने की अपील की। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल शैलेन्द्र सिंह ने जिले के सभी उद्योगपतियों व अन्य लोगों से अपील की है कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के मौके पर अधिक से अधिक दान करें। इससे इस कोष में अधिक से अधिक धनराशि जमा की जा सके।