बेखौफ लुटेरों ने जीटी रोड हाईवे पर शनिवार आधी रात को गांव पनिहावर के पास कार सवार दो दोस्तों को गोली मारकर कार व नगदी, जेवरात आदि लूट लिया।
इस दौरान कार सवार तीसरे साथी को बेरहमी से पीटा गया। बदमाशों के भागने के बाद शोर मचाते हुए घायलों ने ग्रामीणों की मदद ली, तब खबर पर पुलिस पहुंची और घायलों को ट्रामा सेंटर लाया गया। जहां गोली से जख्मी दो दोस्तों का इलाज जारी है। इस संबंध में दो लोगों को रंजिश के तहत नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वाकये के अनुसार गांधी पार्क के गांव सिंधौली निवासी भूपेंद्र सिंह आरटीओ कार्यालय में एजेंट है। वह शनिवार शाम गांव के ही अपने दोस्त आदेश व कलियानपुर निवासी हरेंद्र सिंह संग बुलंदशहर के लल्ला बाबू चौराहा निवासी मुकेश अरोरा के यहां देवी जागरण में शामिल होने गए थे। भूपेंद्र अपनी नई बिना नंबर की स्विफ्ट वीएक्सआई कार से दोनों दोस्तों को ले गया था। उसके पास कार के डेस बोर्ड में व्यापारिक सिलसिले में मिली 2.70 लाख रुपये की रकम भी रखी थी।
जेब में 7 हजार रुपये अलग से रखे थे। रात करीब डेढ़ बजे वापसी में भूपेंद्र कार चला रहा था। गभाना टोल से पहले भूपेंद्र ने कार को टोल से बचने के लिए पनिहावर के रास्ते पर डाल दिया। जैसे ही वह कुछ कदम आगे बढ़ा तो कार के आगे बीच रास्ते पर एक युवक बाइक लिए खड़ा था। जैसे ही भूपेंद्र ने कार का शीशा उतारकर बाइक साइड करने को कहा, तभी कार के दोनों ओर से दो युवक आ गए और एक ने भूपेंद्र व दूसरे ने हरेंद्र पर तमंचा तान दिया।
बदमाशों ने धमकाते हुए पहले ड्राइविंग सीट कब्जाई और भूपेंद्र को पीछे बैठाया। कार में दो बदमाश तमंचे ताने रहे, जबकि कार चलाते हुए तीसरा कार को वापस ले जाने लगा। इस पर कार सवार मित्रों ने विरोध किया तो मारपीट, खींचतान व धक्का मुक्की होने लगी। इसी बीच बदमाशों ने हरेंद्र व भूपेंद्र से उनके गले से जंजीरें, जेब से नगदी, मोबाइल छीन लिए और हाथापाई के समय हरेंद्र व भूपेंद्र के गोली मार दी।
हरेंद्र के हाथ व जांघ में गोली लगी, जबकि भूपेंद्र के पेट के निचले हिस्से में गोली लगी। इसके बाद बदमाश तीनों को कार से धकियाकर कार सहित भाग गए और अपनी बाइक छोड़ गए। इस दौरान आदेश की शर्ट से उसके हाथ पैर बांध दिए थे। पुलिस ने जो बाइक बरामद की वह शनिवार को अकराबाद से लूटी गई थी। गभाना पुलिस ने इसकी जानकारी अकराबाद पुलिस को दे दी है।
बदमाशों के जाने पर तीनों ने शोर मचाया और पैदल-पैदल गांव की ओर बढ़े। शोर पर ग्रामीण आ गए और खबर पर एसओ गभाना मो. असलम पहुंच गए। तीनों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जहां सीओ गभाना सत्यप्रकाश यादव भी आ गए। भूपेंद्र की ओर से मिली तहरीर में सुशील शर्मा निवासी सुरक्षा विहार बन्नादेवी, सोनू निवासी प्रतिभा कॉलोनी बन्नादेवी को नामजद व तीसरे अज्ञात को आरोपी बनाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें 2.77 लाख नगद, कार, जेवरात, मोबाइल आदि लूट का आरोप लगाया है। बताया है कि आदेश रेलवे रोड पर कपड़ा शोरूम में और हरेंद्र निजी कंपनी में नौकरी करता है।