छर्रा में ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या
जिले के छर्रा थाना क्षेत्र के गांव सतरापुर में बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताते हैं कि हत्यारे ग्राम प्रधान के साथ ही दरवाजे के बाहर बैठे हुए थे। इस बीच उन्होंने प्रधान को दबोचकर गोली मार दी और निकल भागे।
फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन एवं पड़ोसी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि ग्रामीण थाने में फोन लगाते रहे लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
ग्राम प्रधान इकबाल खां (60 वर्ष) दरवाजे के बाहर चबूतरे पर गांव के कुछ लोगों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान पास में ही चार-पांच लोग बैठे थे। अचानक पास बैठे लोगों ने ग्राम प्रधान को दबोच लिया और उनके सीने पर तमंचा लगाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर बाहर की ओर दौड़े परिजन लहूलुहान हालत में इकबाल खां को लेकर अस्पताल की ओर भागे।
जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह शव लेकर गांव लौटे। ग्रामीणों का आरोप है कि थाने के नंबरों पर लगातार फोन करते रहे। 15 मिनट तक थाने के नंबरों पर कोई रिस्पांस ही नहीं मिला। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कंट्रोल रूम से सतरापुर गांव में ग्राम प्रधान की हत्या का मैसेज पास हुआ। इसके बावजूद पुलिस एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची।
- हत्या की जानकारी होते ही पुलिस गांव पहुंच गई थी।घटना की जांच की जा रही है। हत्या करने वाले ग्राम प्रधान के पड़ोस के ही लोग हैं। तहरीर आने पर बात साफ हो सकेगी। - डॉ. कमलेश यादव, कोतवाली प्रभारी, छर्रा