जिले में नये सर्किल रेट तय हो गये हैं। पहली अगस्त से नये रेट लागू हो जाएंगे। पुराने रेटों पर 31 जुलाई तक रजिस्ट्री हो पाएगी। खास बात ये है कि मैरिस रोड, रामघाट रोड, जीटी रोड के रेट नहीं बढ़ाए गए हैं, वहीं देहात क्षेत्र में अतरौली और गभाना में पुराने रेट ही लागू रहेंगे। गौर हो कि जिन जगहों पर रेट नहीं बढ़े हैं वहां पर प्रापर्टी का कारोबार बहुत कम हो गया है क्योंकि इन जगहों पर सर्किल रेट पहले से बहुत ज्यादा है। जिलाधिकारी राजमणि यादव की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में हुई मीटिंग में 44 आपत्तियों का निस्तारण एक घंटे में ही हो गया। यहां केवल छह आपत्तिदाता ही पहुंचे थे। चर्चित आपत्तिकर्ता बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह भी नहीं आए। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व डा.वीके सिंह सहित सभी सब रजिस्ट्रार मौजूद रहे।
अतरौली एवं गभाना में भी नहीं बढ़े रेट
अलीगढ़। अतरौली एवं गभाना क्षेत्र में ज्यादातर जमीनों के सर्किल रेट यथावत रहे। चंद क्षेत्रों के रेट बढ़ाए भी गए तो मात्र एक से दो प्रतिशत।इसके चलते इन क्षेत्रों से एक भी आपत्ति नहीं आई। इधर इगलास क्षेत्र में मथुरा रोड पर सर्किल रेटों में तीन से पांच फीसदी तक मामूली वृद्घि की गई।
31 जुलाई तक पुराने रेट का फायदा उठाएं
अलीगढ़। पुरानी दरों पर जमीनों के बैनामें कराने के प्रति लोगों की उदासीनता से निबंधन अफसर बुरी तरह हलकान हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि जुलाई में लक्ष्य के सापेक्ष महज 43 फीसदी राजस्व मिला है। आमतौर पर जुलाई में जमीनों की खरीद फरोख्त इस कदर तेज होती है कि निबंधन विभाग के अफसर एवं कर्मचारियों को दम मारने की फुर्सत नहीं मिलती। महंगाई, नगद धनराशि की जगह चेक से लेनदेन, रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता और नये वित्तीय नियमों के चलते इस बार ऐसा नहीं हो रहा है। एआईजी स्टांप राजीव यादव ने लोगों से शुल्क में छूट का लाभ उठाने के लिये जल्द से जल्द रजिस्ट्री कराने की अपील की है।
शहर के प्रमुख इलाकों के रेट
किशनपुर-27000, दोदपुर-24000, नौरंगाबाद-3000, एडीए कालोनी-27000, केलानगर-24000, यूनिवर्सिटी क्षेत्र-24000, कृषि फार्म क्वारसी-16000, क्वारसी-8000, जापान हाउस-27000, जमालपुर-12000, दोदपुर सर सैयद नगर-25000, दोदपुर मेडिकल कालेज-25000, पालिका बाजार तस्वीर महल मार्केट-27000, विक्रम कालोनी बेगपुर-26000, लाल डिग्गी-25000, शमशाद मार्केट यूनिवर्सिटी क्षेत्र-38000, स्वर्ण जयंती नगर-26000, सेंटर प्वाइंट-75000, हरदुआगंज अहीरपाड़ा-10000 रुपये।
-मेडू कंपाउंड-29000 से बढ़कर 32000, फ्र्रेंड्स कालोनी-20000 से 21000, चंदनियां-9000 से 10000, अमीरनिशा-19000 से 21000, आर्य नगर-16000 से 17500, राजीव नगर-10000 से 12000, मालवीर पुस्तकालय-44000 से 48000, रसलगंज-43000 से 44000, मसूदाबाद-43000 से 44000, आवास विकास-43000 से 44000, बन्नादेवी-42000 से 43000, ऐलमपुर-37000 से 38000, सारसौल-37000 से 38000, नगला मसानी-16000 से 16500, बरौला जाफराबाद-14000 से 14500, ऐलमपुर-14000 से 14500, आईटीआई रोड किशोरनगर-11500 से 12000, सासनीगेट से मौजा रुस्तमपुर सकत खां-15500 से 16000, देहलीगेट-14500 से 15000, जिला अस्पताल-35000 से 36000, सराय हकीम-35000 से 36000, बारहद्वारी-35000 से 36000, महावीरगंज-32000 से 33000, कनवरीगंज-30000 से 31000, ऊपरकोट-20000 से 21000, रघुवीरपुरी-25000 से 26000, गूलर रोड-17000 से 18000 रुपये।
दौलताबाद के सर्किल दरों में वृद्धि के पुनर्परीक्षण के आदेश
अलीगढ़। गांव दौलताबाद में मथुरा रोड के आसपास की जमीनों के रेटों में हुई ढाई फीसदी की बढ़ोत्तरी के पुनर्परीक्षण के आदेश हो गए हैं। डीएम ने निबंधन विभाग को दोबारा परीक्षण कराकर दरों को व्यवहारिक बनाने को कहा है। अन्य आपत्तियों का भी निस्तारण किया गया है।
नेकराम-सर तालानगरी में निर्माण पर 22 फीसदी शुल्क वसूला जा रहा है। इसे कम किया जाए।
जवाब -तालानगरी में दरें नहीं बढ़ाई गई हैं। यह पूर्व की भांति सात फीसदी ही है। जहां निर्माण है वहां स्टांप व निर्माण दर को जोड़कर दर 22 फीसदी हो जाती है। वर्तमान लिस्ट में तीन हजार वर्ग मीटर या उससे अधिक अकृषक भूमि क्रय करने पर दरों में व्यवसायियों को 25 फीसदी की छूट का प्रावधान है।
गिरीश राघव-सर विकासशील गांवों में सामान्य दर में 0.100 हेक्टेयर जमीन बिकने पर मूल्यांकन के दो गुने की बाध्यता खत्म की जानी चाहिए।
जवाब-इस पर विचार किया जाएगा।
अशोक गर्ग-सर गांव दौलताबाद मथुरा रोड के आसपास की जमीनों की दरों में बढ़ोत्तरी की गई हो, जो व्यवहारिक नहीं है।
जवाब -दौलताबाद में जमीनोें के रेट में ढाई फीसदी की वृद्धि की गई है। फिर भी इन दरों का पुनर्परीक्षण कराया जाएगा।
नीरज एड.-सर महरावल गांव में खेती की सामान्य दरों पर विकासशील गांव वाला फार्मूला लागू न किया जाए।
जवाब-इस पर विचार किया जाएगा।
साबिर राही-सर, धौरा माफी बाईपास की दरें ज्यादा हैं, इन्हें घटाया जाए।
जवाब-प्रस्तावित लिस्ट में धौर्रा माफी में किसी भी प्रकार की बढ़ोत्तरी नहीं की गई है।
राजीव तोमर-गांव साथिनी एवं महुआ में कृषि भूमि की सामान्य दरें अधिक न बढ़ाई जाएं।
जवाब-नई लिस्ट में प्रस्तावित दरें यथावत हैं, इनमें कोई वृद्धि नहीं की गई है।