भीड़ के चलते खिड़की से बस में सवार होते यात्री। संवाद
दिवाली की छुट्टियां खत्म होते ही काम पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ ने रोडवेज की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। रविवार को सारसौल और मसूदाबाद बस अड्डे पर दिल्ली-एनसीआर जाने वाले यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा। बसों की कमी और अव्यवस्थाओं के चलते यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बस आते ही उसमें चढ़ने के लिए धक्कामुक्की शुरू हो जाती।
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और बल्लभगढ़ जाने वाले यात्रियों की भीड़ सुबह से ही बस अड्डों पर जुटनी शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ यात्रियों की संख्या बढ़ती गई, लेकिन बसों के इंतजार में लोग परेशान होते रहे। बस पहुंचते ही यात्री सीट पाने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे। कई लोग खिड़कियों से सामान अंदर पहुंचाते तो कुछ दरवाजे पर जगह बनाने के लिए जूझते नजर आए।
भीड़ के बीच सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ी। सामान और बैग लेकर पहुंचे यात्रियों को बस में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए। त्योहार के बाद यात्रियों की भारी भीड़ का अनुमान पहले से था, इसके बावजूद अतिरिक्त बसों और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए।
- दिवाली के दौरान लगातार बसों का संचालन कराया जा रहा है। नोएडा, बल्लभगढ़ और गुरुग्राम सहित जिन मार्गों पर यात्रियों की अधिक भीड़ थी, वहां पर्याप्त बसें लगाई गई थीं। कुछ बसें रास्ते में जाम में फंस गई थीं, जिसके चलते बस अड्डों तक पहुंचने में देरी हुई। - सत्येंद्र वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज