महानगर के देहलीगेट क्षेत्र में एक दरोगा के भाई की हरकतों ने साथ पढ़ने वाली छात्रा को इस कदर परेशान कर रखा है कि उसने स्कूल तक जाना छोड़ दिया है। वहीं थाने में शिकायत हुई तो दरोगा के लिहाज में पुलिस ने समझौता करा दिया। बावजूद इसके उसकी धमकियों का सिलसिला कम नहीं हुआ। इसे लेकर पीड़ित परिवार शनिवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचा, जहां से मामले में मुकदमे के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी कार्यालय में मौजूद सीओ बरला देवी गुलाम को दिए गए शिकायती पत्र में छात्रा के मामा ने कहा है कि उसकी 15 वर्षीय भांजी इलाके के ही एक निजी स्कूल से कक्षा 9 में पढ़ती है। इसी स्कूल में गोंडा निवासी एक दरोगा का भाई भी पढ़ता है। आरोपी युवक का अक्सर घर पर आना जाना रहता था। इसी बीच आरोपी युवक ने किशोरी को फुसलाकर अश्लील फोटो खींच लिए। इसके बाद ब्लैकमेल करने लगा। उस पर तरह-तरह के नाजायज दबाव बनाने लगा। आरोपी की हरकतों से तंग आकर किशोरी ने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने जलालपुर पुलिस चौकी पर शिकायत की तो पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। अब आरोपी युवक किशोरी के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। शादी करने के लिए भी दबाव बना रहा है। अपने दरोगा भाई के दबाव में झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। इस दहशत में छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। डीआईजी/एसएसपी आकाश कुलहरि की मौजूदगी में शिकायत की सुनवाई करते हुए सीओ ने तत्काल मुकदमा व कार्रवाई के निर्देश दिए।
विवेचक मांग रहे रुपये, दूसरे थाने से कराएं जांच
मडराक क्षेत्र की महिला ने ससुरालियों पर दर्ज दहेज उत्पीड़न व दुष्कर्म के मुकदमे में पुलिस से मदद न मिलने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। महिला का आरोप है कि थाने के एक दरोगा मुकदमे में कार्रवाई के एवज में 50 हजार रुपये मांग रहे हैं। बात न मानने पर मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगाने की धमकी दे रहे हैं। इस पर डीआईजी/एसएसपी ने विवेचक को तलब करते हुए महिला को भरोसा दिलाया है कि जल्द मुकदमे में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।