पांच दिन पहले गांव गाजीपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर शिवनारायण की हत्या अनैतिक संबंध के शक में की गई थी। पकड़े गए आरोपी सुभाष ने यह खुलासा करते हुए हत्या में तीन और लोगों के शामिल होने की जानकारी पुलिस को दी है। बताया कि हत्या करने के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी।
थाना प्रभारी अरुण कुमार के अनुसार गांव के सुभाष ने काॅल करके शिवनारायण को बुलाया था। अपने साथी सचिन, इरफान और एक अज्ञात के साथ मिलकर अतरौली में बाइक की सर्विस कराने के लिए जाने और लौटते समय रास्ते में हत्या करने की योजना बनाई थी। शिवनारायण ने अतरौली का बाजार बंद होने की बात कहकर वहां जाने से मना कर दिया। इस पर वह लोग उसे सचिन के नलकूप पर ले गए। वहां से शाम के समय घेर की ओर जाते समय रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी थी।
सुभाष ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि शिवनारायण के उसकी पत्नी के साथ संबंध थे। उसकी गैरमौजूदगी में वह पत्नी से बात करता था। यह बात उसने साथी सचिन को बताई और उसे रास्ते से हटाने के लिए कहा। सचिन ने दो लाख रुपये मांगे, जिस पर 50 हजार रुपये दे दिए थे। बाकी रुपये काम होने के बाद देने के लिए कहा था।
सीओ बरला गर्वित सिंह ने बताया कि हत्या के प्रकरण में चार लोगों का नाम प्रकाश में आए हैं। पकड़े गए एक आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।