श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर में पूजन करते श्रद्धालु।
- फोटो : samvad
सावन मास के प्रथम दिन बृहस्पतिवार को शहर से लेकर देहात तक शिवालयों में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दुग्ध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अक्षत अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
बुधवार रात 12 बजे के बाद से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया। सुबह पांच बजे से मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लग गईं। लोधा-हरिदासपुर स्थित खेरेश्वरधाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर मनोकामनाएं मांगीं।
अचल ताल स्थित अचलेश्वर धाम मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल और दूध से अभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प और प्रसाद अर्पित किया। वहीं जयगंज स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर सहित शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से शाम तक पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहा।