मतदान समाप्ति के बाद अब प्रशासन का पूरा जोर ईवीएम की सुरक्षा व 10 मार्च को प्रस्तावित मतगणना की तैयारियों पर है। ईवीएम को त्रिस्तरीय सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है। यहां हरेक गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ईवीएम की निगरानी के लिए धनीपुर मंडी में सात जोनल व 56 मजिस्ट्रेट की सुरक्षा उपकरणों के साथ तैनाती की गई है। डीएम व प्रेक्षकों ने भी शुक्रवार को मंडी पहुंचकर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ईवीएम- वीवीपैट की होगी चक्रवार सुरक्षा
उपजिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि स्ट्रांग रूम में रखी गई शील्ड ईवीएम वीवीपैट की चक्रवार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए मतगणना कार्य की समाप्ति तक जोनल एवं मजिस्ट्रेट के रूप में अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में शलभ श्रीवास्तव अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई, अमित जायसवाल कृषि रक्षा अधिकारी, श्रीनाथ पासवान उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, वीपी सत्यार्थी जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, मनीष कुमार जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अमरजीत सिंह उपनिदेशक पंचायत एवं भरत राम अधिशासी अभियंता नरौरा खंड निचली गंगा नहर को नियुक्त किया गया है। तीन शिफ्टों में 42 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही 14 मजिस्ट्रेट आरक्षित भी रखे गए हैं। उन्होंने बताया है कि अपर उपजिलाधिकारी कोल विजेंद्र कुमार की सुबह 6:00 बजे से दोपहर दो बजे तक, अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय सुधीर कुमार सोनी दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक, अपर उप जिलाधिकारी राजेश कुमार जैन की रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक मतगणना संपन्न होने तक तैनाती रहेगी।
डीएम व प्रेक्षकों ने लिया मतगणना स्थल का जायजा
डीएम सेल्वा कुमारी जे. व चुनाव आयोग से भेजे गए सामान्य व पुलिस प्रेक्षकों ने धनीपुर मंडी पहुंचकर ईवीएम -वीवीपट स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरा, बैरीकेडिंग, फायर सेफ्टी आदि उपकरणों की उपलब्धता के साथ ही सुरक्षा बलों की ड्यूटी को भी चेक किया। उन्होंने ईवीएम सुरक्षा के लिए 24 घंटे तैनात सुरक्षाबलों के ठहरने, पेयजल, शौचालय आदि के भी बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस- प्रशासनिक अफसरों, अर्द्धसैनिक बलों को सुरक्षा में किसी तरह की चूक न होने देने के सख्त निर्देश दिए। इस मौक पर एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा समेत सभी रिटर्निंग अफसर मौजूद रहे।
राजनीतिक दल व प्रत्याशी भी कैंप लगाकर रख सकेंगे नजर
सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए यदि राजनीतिक दल या चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी निगरानी रखना चाहते हैं तो स्ट्रांग रूम की 200 मीटर की दूरी पर कैंप लगा सकते हैं। इसके लिए उन्हें संबंधित रिटर्निंग ऑफीसर से अनुमति लेनी होगी। इतना ही नहीं वे सीसीटीवी कंट्रोल रूम में आकर भी नजर रख सकते हैं।