घटना के बाद अकराबाद सीएचसी पर मौजूद घायल
- फोटो : samvad
कस्बा कौड़ियागंज के पास पिलखना-गंगीरी रोड पर मंगलवार दोपहर माता ललिता देवी के दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की बैलगाड़ी को एलपीजी सिलेंडरों से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं और पांच बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए।
गांव जिरौली हीरा सिंह के मोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को उनके परिवार की महिलाएं और बच्चों सहित 12 लोग कस्बा कौडि़यागंज में ललिता देवी मंदिर पर लगने वाले मेले में जात करने गए थे, वहां से दोपहर में गांव के मुरारीलाल के साथ बैलगाड़ी में बैठकर घर लौट रहे थे। रास्ते में करीब ढाई बजे कौडि़या मोड़ के पास अलीगढ़ की और से आ रहे गैस सिलेंडर से लदे ट्रक चालक ने आगे चल रही बैलगाड़ी में टक्कर मार दी। तेज रफ्तार ट्रक में फंसकर बैलगाड़ी काफी दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे में बैलगाड़ी में सवार विजय देवी पत्नी भुवनेश, बेटा कैलाश, कमलेश देवी पत्नी राजवीर सिंह चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहन का कहना है कि चार अन्य बच्चे और भी घायल हुए हैं, जो प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गए हैं। घटना के संबंध में कार्र्यवाहक थाना प्रभारी अमित रघुवंशी का कहना है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था। ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर घायलों को अस्पताल भेजकर चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।