अलंबे समय बाद आखिरकार अलीगढ़ विकास प्राधिकरण अफसरों की नींद टूटी। टीम ने बुधवार को सिविल लाइन क्षेत्र में अवैध रूप से बनी सात इमारतें सील कर दी। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया। लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण उनकी एक न चली।
अवर अभियंता मनोज शर्मा के नेतृत्व में प्राधिकरण टीम ने सर्वप्रथम अमीर निशां इलाके में बनी नसीम अहमद की इमारत को सील किया। इसके बाद इसी इलाके में अवैध रूप से बनी शबाब अहमद की बहुमंजिला इमारत पर सीलिंग की कार्रवाई की। इसके बाद मुशर्रफ मंजिल लाल डिग्गी में फैज मुराद शेरवानी की इमारत पर सील लगाई। इसके बाद इसी इलाके में निर्माणाधीन बिशमा मारूफ की इमारत को सील किया। इसके बाद टीम सर सैयद नगर पहुंची। टीम ने यहां सुहैल अली की निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत को सील किया। सर सैयद नगर में इजलाल अहमद की चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत पर भी सील लगाई गई। अंत में बरौला पुल के नीचे रिंकू की दो मंजिला इमारत में सील लगाई गई। अवैध रूप से बनी दो अन्य इमारतें भी सील की गई। अवर अभियंता आशाराम ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।