जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संपूर्ण समाधान दिवस में आए भूमि एवं चकरोड पैमाइश के प्रकरणों को 15 दिन में निस्तारित करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। उन्होंने एसडीएम से कहा कि वर्तमान में फसल कटाई के उपरांत खेत खाली पड़े हैं, ऐसे में चकरोड पैमाइश के सभी प्रकरणों को 15 दिन में निस्तारित कराएं।
डीएम ने सभी लेखपालों से स्पष्ट कहा कि आधी-अधूरी पैमाइश न कर मौके पर दोनों पक्षों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण करें। ताकि शिकायतकर्ता को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। वकीलों ने कोर्ट में मांगी जा रही पत्रावलियों को अरेंजर द्वारा न भेजे जाने, विशनपुर के प्रधान द्वारा लगभग पांच वर्ष से चकरोड पर अवैध कब्जा करने तथा छैछऊ निवासी गीता देवी द्वारा परिवार रजिस्टर की फर्जी नकल बनाकर जमीन हड़पने संबंधी शिकायत की।
समाधान दिवस में 102 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर निराकरण करा दिया गया। शेष 89 शिकायतों को संबंधित विभागों में भेज दिया गया। इस अवसर एसएसपी नीरज कुमार जादौन, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, डीडीओ आलोक आर्य, एसडीएम पारितोष मिश्रा, एसडीएम न्यायिक आशुतोष कुमार, तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल, नायब तहसीलदार तान्या शर्मा, वीरेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ.आरएन सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
शासन की मंशा के अनुसार कार्य करें अधिकारी : जयवीर सिंह
बरौली विधायक जयवीर सिंह ने तहसील गभाना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 34 शिकायत पत्र आए, जिनमें से छह का मौके पर निस्तारण हुआ। विधायक ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को भटकना न पड़े। इस दौरान एसडीएम हरिश्चंद्र, सीओ महेश कुमार, तहसीलदार कृष्ण गोपाल मिश्रा, संजय सिंह, शरद ठाकुर, प्रमोद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद