कोरोना वायरस के सामुदायिक प्रसार के बारे में जानने के लिए जल्द ही सीरो सर्वे शुरू होने की संभावना है। प्रदेश के 11 शहरों में यह सर्वे शुरू हो गया है। अलीगढ़ में भी जल्द ही इसको अमल में लाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
सीरो सर्वे के तहत लोगों के रक्त की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि उनको कोरोना हुआ या नहीं। जिसके शरीर में एंटीबॉडी पाए जाएंगे, उसको कोरोना संक्रमण का शिकार माना जाएगा। इस सर्वे के जरिये यह भी अनुमान लगाया जा सकता है कि जांच के अलावा जिले की कितनी फीसदी जनता को कोरोना ने अपनी चपेट में लिया।
दरअसल, कोरोना संक्रमण के गैर लक्षण वाले मरीजों को इस बात का अहसास भी नहीं होता कि उनको कोरोना हुआ है। जांच में संक्रमित पाए जाने पर उनको संक्रमण का शिकार होने की जानकारी मिलती है। इसी की तर्ज पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि एक बड़ी आबादी संक्रमण का शिकार हुई। मगर, जांच न होने से वह संक्रमित घोषित नहीं की जा सकी और लोग स्वयं ठीक भी हो गए। जिला प्रशासन के मुताबिक प्रदेश सरकार के फरमान का इंतजार है। अगर, सीरो सर्वेे का फरमाना आता है तो जरूर सर्वे कराया जाएगा।