अलीगढ़ के जसरथपुर ट्रामा सेंटर में अब गंभीर रूप से घायल मरीजों का भी इलाज होगा। यहां एक सर्जन समेत दो चिकित्सकों की तैनाती कर दी गई है। ट्रामा सेंटर में पहले से दो चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ कार्यरत हैं। अब तक यहां मामूली रूप से जख्मी मरीजों का ही इलाज हो रहा था।
अलीगढ़-कानपुर रोड पर स्थित जसरथपुर ट्रामा सेंटर का चिकित्सकों और स्टाफ के अभाव में ठीक से संचालन नहीं हो पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक (एडी) मोहन झा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 2 जुलाई को ट्रामा सेंटर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडी मोहन झा ने बताया कि चिकित्सकों की तैनाती कर लैब का संचालन शुरू कर दिया गया है। जल्द पूर्ण रूप से इसे संचालित किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि ट्रामा सेंटर में ऑपरेशन थिएटर, एक्स-रे मशीन और आपातकालीन कक्ष की सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां पर पहले से डॉ. रविकांत और डॉ. उपेंद्र की तैनाती है। इसके अलावा पैरामेडिकल स्टाफ में ज्योति व शिवानी मौजूद हैं। अब यहां पर जनरल सर्जन डॉ. मजहर अली की तैनाती हो गई है। जल्द ही एक एमबीबीएस चिकित्सक की और तैनाती सेंटर पर की जाएगी। अभी कुछ और उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।