रक्षाबंधन पर बहनों की राखी भाइयों तक सुरक्षित और समय से पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष पहल की है। विभाग ने राखी बाय स्पीड पोस्ट लिफाफा जारी किया है। यह लिफाफा मंडल के सभी डाकघरों और शाखा डाकघरों में उपलब्ध कराया गया है।
प्रवर डाक अधीक्षक विनय कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि विशेष राखी लिफाफा रंगीन और वाटरप्रूफ है। इसे राखियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। डाक विभाग की ओर से इसकी हैंडलिंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि राखियां सुरक्षित स्थिति में गंतव्य तक पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि इस विशेष लिफाफे की कीमत 10 रुपये प्रति लिफाफा निर्धारित की गई है। इसमें केवल लिफाफे का शुल्क शामिल है, जबकि डाक शुल्क अलग से देना होगा। उपभोक्ता इस लिफाफे में राखी रखकर स्पीड पोस्ट या साधारण डाक के माध्यम से देश के किसी भी हिस्से में भेज सकते हैं।
डाक विभाग ने राखी बाय स्पीड पोस्ट सेवा को प्राथमिकता देते हुए राखियों के जल्द वितरण की व्यवस्था की है। विभाग का उद्देश्य है कि त्योहार के अवसर पर बहनों का स्नेह और शुभकामनाएं समय पर उनके भाइयों तक पहुंच सकें।